दीपावली पर जगमगाएगा सहारनपुर, नगर निगम युद्धस्तर पर ठीक करा रहा खराब स्ट्रीट लाइटें

दीपावली पर जगमगाएगा सहारनपुर, नगर निगम युद्धस्तर पर ठीक करा रहा खराब स्ट्रीट लाइटें
दीपावली से पहले सहारनपुर में खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और नई लाइटें लगाने में जुटे नगर निगम के कर्मचारी।

70 वार्डों में नई लाइटें लगाने की तैयारी, एक हजार से अधिक नई लाइटें खरीदीं; दीपावली तक 95 प्रतिशत से ज्यादा लाइटें चालू करने का लक्ष्य

सहारनपुर। दीपावली के त्योहार पर शहर को रोशनी से जगमगाने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर की पथ प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी वार्डों में नई स्ट्रीट लाइटें लगाने के साथ ही खराब लाइटों की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। नगर निगम ने दीपावली से पहले 95 प्रतिशत से अधिक लाइटों को चालू करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

पथ प्रकाश प्रभारी वीबी सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर शहर के सभी 70 वार्डों में जरूरत के अनुसार नई लाइटें लगाने की योजना बनाई गई है। इसके तहत प्रत्येक वार्ड में पांच से आठ नई लाइटें लगाने का प्रावधान रखा गया है। शहर में प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए निगम ने एक हजार से अधिक नई लाइटें खरीदी हैं।

खराब लाइटों की मरम्मत में जुटे कर्मचारी

पथ प्रकाश प्रभारी ने बताया कि नगर निगम की खराब लाइटों को ठीक कराने के लिए आवश्यक स्पेयर पार्ट्स मंगाए गए हैं। विद्युत कर्मचारी तेजी से मरम्मत कार्य में जुटे हैं, ताकि दीपावली से पहले अधिक से अधिक लाइटों को क्रियाशील बनाया जा सके।

इसके अलावा अनुबंध के तहत ईईएसएल कंपनी ने भी वार्डवार सर्वे कर खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने का काम शुरू कर दिया है। कंपनी की ओर से मरम्मत के लिए जरूरी सामग्री भी मंगाई गई है। नगर निगम का प्रयास है कि त्योहार से पहले पथ प्रकाश व्यवस्था की कमियों को दूर कर लिया जाए।

धार्मिक स्थलों और प्रमुख मार्गों पर विशेष ध्यान

नगर निगम ने लाइटों की मरम्मत और नई लाइटें लगाने के लिए धार्मिक स्थलों, प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, कार्यक्रम स्थलों और मुख्य मार्गों को प्राथमिकता में रखा है। इन स्थानों पर रोशनी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कर्मचारियों को तेजी से काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर निगम के अनुसार, दीपावली तक 95 प्रतिशत से अधिक स्ट्रीट लाइटों को चालू करने का लक्ष्य है। इससे शहर की प्रमुख सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर रोशनी की व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।

 

Leave a Reply