चंद्रशेखर आजाद की चुनौती पर अपर्णा यादव का तीखा पलटवार, बोलीं- पहले उतना बूता हासिल करें; अखिलेश पर भी दिया बयान
उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बिजनौर से चुनाव लड़ने की चुनौती दिए जाने पर बीजेपी नेता और यूपी राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि सीएम योगी के बारे में बोलने से पहले चंद्रशेखर को उतना बूता हासिल कर लेना चाहिए। वहीं, अखिलेश यादव और राहुल गांधी को सनातन विरोधी बताए जाने वाले पोस्टर पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी।
दरअसल, अपर्णा यादव अमेठी पहुंची थीं, जहां उन्होंने रामलीला मैदान में आयोजित रामलीला कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने विपक्षी नेताओं के बयानों और प्रदेश की सियासत से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए।
चंद्रशेखर आजाद पर भड़कीं अपर्णा यादव
नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बिजनौर से चुनाव लड़ने की चुनौती देने के सवाल पर अपर्णा यादव ने कहा, “योगी जी के बारे में बोलने के लिए पहले उन्हें उतना बूता हासिल कर लेना चाहिए और इस प्रकार की घटिया टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा कि योगी आदित्यनाथ संवैधानिक रूप से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। ऐसे में उनके खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना उचित नहीं है।
अपर्णा यादव ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कहां से चुनाव लड़ेंगे और कहां से नहीं, इसका फैसला भारतीय जनता पार्टी करेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी एक राष्ट्रवादी पार्टी है और चुनाव से जुड़े निर्णय पार्टी संगठन के स्तर पर लिए जाते हैं।
अखिलेश और राहुल गांधी के पोस्टर पर क्या बोलीं अपर्णा?
लखनऊ में विजयदशमी के अवसर पर लगाए गए एक पोस्टर को लेकर भी अपर्णा यादव से सवाल किया गया। इस पोस्टर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं को सनातन विरोधी बताया गया था।
इस पर अपर्णा यादव ने कहा, “राजनीति में सभ्यतापूर्वक कार्य करना चाहिए। बाकी सनातन विरोधी कौन हैं और कौन नहीं, ये जनता जानती है।”
उन्होंने इस मुद्दे पर किसी नेता का सीधे तौर पर नाम लेने के बजाय जनता के विवेक पर भरोसा जताया।
अखिलेश यादव का नाम सुनते ही टाल दिया सवाल
पत्रकारों से बातचीत के दौरान एक दिलचस्प स्थिति उस समय देखने को मिली, जब अपर्णा यादव से अयोध्या में अखिलेश यादव द्वारा दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई।
हालांकि, पत्रकार अपना सवाल पूरा कर पाता, उससे पहले ही अपर्णा यादव ने उसे रोक दिया। उन्होंने कहा, “क्या आप मुझे अखिलेश जी के अलावा कुछ और सवाल कर सकते हैं?”
इसके बाद उन्होंने अखिलेश यादव से जुड़े उस सवाल पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
अपर्णा यादव के इन बयानों के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर चंद्रशेखर आजाद, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विपक्षी नेताओं के बीच चल रही राजनीतिक बयानबाजी चर्चा में आ गई है।
