सहारनपुर में 15 हजार की रिश्वत लेते कानूनगो गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने तहसील परिसर में बिछाया जाल
सात महीने से लंबित थी जमीन की पैमाइश की फाइल, शिकायतकर्ता का दावा- पहले भी दे चुका है 80 से 82 हजार रुपये
सहारनपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को तहसील परिसर से राजस्व कर्मचारी प्रदीप रोहेला को 15 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। जमीन की पैमाइश कराने के नाम पर रिश्वत मांगने की शिकायत पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से यह कार्रवाई की। घटना के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। टीम आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सहारनपुर निवासी मोहम्मद तारीफ ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि उसके पिता के नाम दर्ज जमीन का क्षेत्रफल कम निकल रहा था। इसकी पैमाइश कराने के लिए उसने करीब सात महीने पहले राजस्व संहिता की धारा 24 के तहत तहसील में आवेदन किया था। आरोप है कि संबंधित राजस्व कर्मचारी ने फाइल को कई महीनों तक लंबित रखा और काम कराने के बदले लगातार रुपये की मांग करता रहा।
20 से अधिक बार लगाए चक्कर, फिर भी नहीं हुई पैमाइश
शिकायतकर्ता मोहम्मद तारीफ के मुताबिक, वह अपनी जमीन की पैमाइश कराने के लिए संबंधित कर्मचारी से 20 से अधिक बार मिल चुका था। उसका दावा है कि इस दौरान वह अलग-अलग किस्तों में करीब 80 से 82 हजार रुपये दे चुका था। उसने सभी लेनदेन का हिसाब भी लिखकर रखा है।
तारीफ ने आरोप लगाया कि शुरुआत में पैमाइश कराने के लिए डेढ़ लाख रुपये की मांग की गई थी। बाद में 40 हजार रुपये में बात तय हुई। उसने बताया कि 16 या 17 अक्टूबर को पांच हजार रुपये दिए थे, जबकि बुधवार को 15 हजार रुपये की अगली किस्त देनी थी। शिकायतकर्ता ने सुनील नाम के एक अन्य व्यक्ति पर भी आठ हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया है।
केमिकल लगे नोट लेते ही टीम ने दबोचा
लगातार रुपये की मांग और पैमाइश का काम पूरा न होने से परेशान मोहम्मद तारीफ ने एंटी करप्शन हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए तहसील परिसर में जाल बिछाया।
बताया गया कि टीम ने शिकायतकर्ता को केमिकल लगे 15 हजार रुपये के नोट देकर आरोपी के पास भेजा। आरोप है कि जैसे ही प्रदीप रोहेला ने रुपये लिए, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कार्रवाई के बाद टीम आरोपी को हिरासत में लेकर एंटी करप्शन कार्यालय पहुंची, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं, शिकायतकर्ता मोहम्मद तारीफ ने कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए एंटी करप्शन टीम का आभार जताया।
