ओवैसी की फैमिली में कौन हैं बैरिस्टर फातिमा, जिनके नाम पर एजुकेशनल कैंपस पर मचा बवाल? BJP ने कर दी ये बड़ी मांग

ओवैसी की फैमिली में कौन हैं बैरिस्टर फातिमा, जिनके नाम पर एजुकेशनल कैंपस पर मचा बवाल? BJP ने कर दी ये बड़ी मांग

हैदराबाद में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की भतीजी के नाम पर बने एजुकेशनल कैंपस पर हंगामा मचा हुआ है. बीजेपी का आरोप है कि तेलंगाना की कांग्रेस सरकार झील के बफर जोन में बने ‘बैरिस्टर फातिमा ओवैसी एजुकेशनल कैंपस’ के मामले में AIMIM को बचाने की कोशिश कर रही है.

केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने आरोप लगाया कि जमीन और रियल एस्टेट सौदों में कमीशन की लालसा में रेवंत रेड्डी की सरकार आम लोगों की आजीविका की अनदेखी कर रही है, जबकि AIMIM को बचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है.

बीजेपी ने क्या लगाए आरोप?

रेड्डी ने ये आरोप ऐसे समय लगाए हैं, जब तेलंगाना हाई कोर्ट ने बैरिस्टर फातिमा ओवैसी एजुकेशनल केजी-पीजी कैंपस को दी गई मंजूरी के बारे में सरकारी अधिकारियों की ओर से स्पष्ट जानकारी न होने का मामला गंभीरता से लिया. यह कैंपस कथित तौर पर यहां चंद्रयानगुट्टा में साल्कम चेरुवु झील के इलाके में बनाया गया है.

केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि हैदराबाद आपदा प्रतिक्रिया एवं संपत्ति सुरक्षा एजेंसी (HYDRAA) कांग्रेस सरकार के सेलेक्टिव रवैये का प्रतीक बन गई है.  उन्होंने कहा, ‘HYDRAA आम नागरिकों के खिलाफ तो तुरंत कार्रवाई करती है, लेकिन सालकम चेरुवु की फुल टैंक लेवल (FTL) और बफर जोन में स्थित होने के आरोपों से घिरे बैरिस्टर फातिमा ओवैसी एजुकेशनल कैंपस के मामले में चुप्पी साधे हुए है.’

कांग्रेस कर रही वोट बैंक की राजनीति: किशन रेड्डी

उन्होंने कहा कि तेलंगाना हाई कोर्ट की बार-बार की टिप्पणियों और विभिन्न विभागों से रिकॉर्ड मांगे जाने के बावजूद सरकार ने इस मामले में अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई.  रेड्डी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार AIMIM को पूरे मुस्लिम समुदाय का प्रतिनिधि मान रही है, जबकि ऐसा नहीं है.  उन्होंने कहा कि इस मामले ने कांग्रेस की ‘वोट बैंक की राजनीति’ और AIMIM के ‘डबल स्टैंडर्ड’ उजागर कर दिए हैं.

बता दें कि फातिमा ओवैसी, AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की भतीजी और अकबरुद्दीन ओवैसी की बेटी हैं. उन्होंने लंदन से वकालत की पढ़ाई पूरी की है, जिसके बाद वह बैरिस्टर फातिमा ओवैसी एजुकेशनल (KG-PG) कैंपस की देखरेख कर रही हैं. अकबरुद्दीन ओवैसी ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा, ‘अगर आप एक इमारत गिराएंगे तो हम 10 नई इमारतें खड़ी करेंगे.’