दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज, बारिश से गर्मी-उमस से राहत; आज भी बरसेंगे बादल

दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज, बारिश से गर्मी-उमस से राहत; आज भी बरसेंगे बादल

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के बीच मौसम का मिजाज बदल गया है। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को भी दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

IMD के अनुसार, शनिवार यानी 12 सितंबर को दिल्ली में आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा। सुबह से दोपहर तक कई इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ आंधी और बिजली चमकने की संभावना है। कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश भी हो सकती है। दोपहर से शाम के बीच बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है।

आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिन के समय दक्षिण-पूर्वी हवाएं 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।

शुक्रवार को कहां-कितनी बारिश हुई?

शुक्रवार 11 सितंबर को सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक दिल्ली के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राजधानी में औसतन 1.5 मिमी बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश पूसा में 17.5 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा रिज में 10.6 मिमी और अयानगर में 10.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

दिल्ली का तापमान कितना रहा?

शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान 23 से 27 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं, अन्य इलाकों में तापमान सामान्य के आसपास रहा। इस दौरान 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिमी हवाएं चलीं। पालम में सुबह करीब 10 बजे हवा के झोंकों की रफ्तार 37 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई।

Leave a Reply