‘कहीं प्रियंका गांधी का तो वोट चोरी नहीं हो गया’, BJP का कांग्रेस पर निशाना

‘कहीं प्रियंका गांधी का तो वोट चोरी नहीं हो गया’, BJP का कांग्रेस पर निशाना

वाराणसी में भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता डॉ संबित पात्रा ने SIR और चुनाव आयोग पर लग रहे आरोप को लेकर कांग्रेस पार्टी पर जमकर पलटवार किया. सबसे पहले उन्होंने भगवान शंकर की स्तुति करते हुए अपने बात की शुरुआत की. इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय से ही SIR प्रक्रिया को संपन्न कराया जाता रहा है लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने शुद्धिकरण के तौर पर इस प्रक्रिया को जारी रखा तो कांग्रेस के लोगों ने इस पर सवाल उठाया.

वहीं इसी बीच कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी पर भी निशाना साधते हुए संबित ने कहा कि कहीं गांधी परिवार में ही प्रियंका गांधी का वोट तो नहीं चोरी हो गया, इस विषय पर भी ध्यान देना चाहिए. स्पष्ट तौर पर संबित पात्रा ने गांधी परिवार में डिवीजन होने की ओर इशारा किया.

‘कांग्रेस के समय में चुनाव अधिकारी टॉयलेट से देते थे सोनिया गांधी को जानकारी’

इस दौरान बीजेपी नेता ने वाराणसी में कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस सरकार के समय में चुनाव अधिकारी टॉयलेट से सोनिया गांधी को जानकारी देते थे और आज जब पूरी निष्पक्षता के साथ चुनाव आयोग अपना कार्य कर रहा है तो कांग्रेस पार्टी द्वारा उस पर सवाल उठाया जा रहा है.

56 चुनाव हारे राहुल गांधी- संबित पात्रा

बीजेपी नेता संबित पात्रा ने कहा कि SIR की प्रक्रिया को लेकर उन लोगों को आपत्ति है जो घुसपैठियों को शरण देना चाहते हैं. हैरानी की बात तो यह है कि वह राहुल गांधी इस पर सवाल उठा रहे हैं जो 56 चुनाव हार चुके हैं. भारत में अनेक ऐसे राज्य हैं जहां पर कांग्रेस पार्टी दशकों से सत्ता में नहीं आई है और कांग्रेस का काम भी क्या भारतीय जनता पार्टी करें, क्या कांग्रेस के लोग यही चाहते हैं.

कविता सुनाकर ममता बनर्जी पर कसा तंज

घुसपैठियों को देश से निकालने वाले दावे के बीच डॉक्टर संबित ने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर अनोखे ढंग से कविता सुनाकर तंज कसा. यस ममा नो ममा कहकर इशारों में उन्होंने बताया कि किसी भी राज्य में घुसपैठियों को शरण लेने नहीं दिया जाएगा.