17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत होंगे विभिन्न कार्यक्रम

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत होंगे विभिन्न कार्यक्रम
सहारनपुर में सर्किट हाउस में आयोजित बैठक को संबोधित करते प्रभारी मंत्री सुनील कुमार शर्मा।

जन-जन तक पहुंचाई जाएंगी जनकल्याणकारी योजनाएं और सरकार की उपलब्धियां: प्रभारी मंत्री
रक्तदान शिविर, दिव्यांग कल्याण कार्यक्रम और विकसित भारत 2047 को लेकर होंगी चित्रकला, भाषण व वाद-विवाद प्रतियोगिताएं

सहारनपुर। प्रदेश के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।

प्रभारी मंत्री सर्किट हाउस सभागार में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। सभी विभाग इस कार्य को गंभीरता से लें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें। उन्होंने सभी विभागों को तत्काल विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ा जाए। कार्यक्रम केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रहें, बल्कि जनपद, तहसील, विकासखंड और ग्राम स्तर तक आयोजित किए जाएं। सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, सरकार की उपलब्धियों और विकसित भारत 2047 की भावना को केंद्र में रखते हुए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएं।

प्रभारी मंत्री ने बताया कि 17 सितंबर को शाम सात बजे जनपद की सभी विधानसभाओं के चिन्हित 11 प्रमुख स्थलों पर ‘सेवा का दीया’ कार्यक्रम के तहत दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। योजनाओं के लाभार्थियों के घरों पर भी सेवा का दीया जलाया जाएगा। इसके अलावा सरकारी कार्यालयों, विकासखंड कार्यालयों सहित अन्य कार्यालयों में ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाने का कार्यक्रम होगा।

‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के तहत विधानसभा क्षेत्रों से आने वाले छह प्रमुख मार्गों से घंटाघर तक पुलिस जवानों द्वारा बाइक रैली निकाली जाएगी। अंबेडकर स्टेडियम से घंटाघर तक खिलाड़ियों द्वारा पैदल मार्च तथा कलेक्ट्रेट से घंटाघर तक एनसीसी, एनएसएस और पीआरडी जवानों द्वारा साइकिल रैली आयोजित की जाएगी।

उन्होंने ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत प्रत्येक विकासखंड में साप्ताहिक बहुउद्देशीय सेवा शिविर, स्टॉल और स्वास्थ्य मेला आयोजित करने के निर्देश दिए। इन शिविरों में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के साथ पात्र लोगों के ऑन-द-स्पॉट आवेदन और सत्यापन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत विद्यार्थियों के लिए व्यापक ओरिएंटेशन एवं मोटिवेशन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें अधिक से अधिक छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। वहीं ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में कलाकारों, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी कराई जाएगी। इसके अलावा रक्तदान शिविर, दिव्यांग कल्याण कार्यक्रम तथा विकसित भारत 2047 की थीम पर चित्रकला, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

बैठक में विधायक नकुड़ मुकेश चौधरी, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन, नगर आयुक्त शिपू गिरि, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, जिलाध्यक्ष अजीत राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई, पीडी-डीआरडीए प्रणय कृष्ण सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply