8 से 10 जून तक होगी यूपी पुलिस सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा, नोटिफिकेशन जारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड के अनुसार भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
भर्ती बोर्ड के अपर सचिव सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि 8 और 9 जून को परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा के सफल और पारदर्शी संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने परीक्षा तिथि से तीन दिन पूर्व प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की व्यवस्था की है। उम्मीदवार भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना एडमिट कार्ड, परीक्षा केंद्र तथा परीक्षा जिला संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि परीक्षा केंद्रों पर ई-केवाईसी प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए वे अपना आधार कार्ड अनलॉक स्थिति में रखें। इससे सत्यापन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
गौरतलब है कि आरक्षी नागरिक पुलिस के 32,679 पदों पर भर्ती के लिए 30 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। ऐसे में यह प्रदेश की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षाओं में से एक मानी जा रही है। भर्ती बोर्ड ने उम्मीदवारों से परीक्षा से संबंधित सभी सूचनाएं केवल आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त करने और अफवाहों से बचने की सलाह दी है।
