जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में मुठभेड़, लश्कर के मोस्ट वांटेड कमांडर लतीफ भट सहित 2 आतंकियों के मारे जाने की सूचना
जम्मू। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के लारू इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों के मारे जाने की खबर है। इनमें लश्कर का आखिरी सक्रिय कमांडर बताया जा रहा लतीफ भट भी शामिल होने की बात कही जा रही है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल लतीफ भट के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कुलगाम में हाल ही में सीआरपीएफ की टीम पर हुए हमले के बाद से सुरक्षा बलों का तलाशी अभियान जारी है। आतंकियों की तलाश में इलाके की घेराबंदी कर संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान लारू क्षेत्र में सुरक्षा बलों का आतंकियों से सामना हुआ, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
15 सेकंड में आतंकियों ने चलाई थीं 30 गोलियां
जानकारी के मुताबिक, 11 नवंबर 2026 को कुलगाम के अखरान गांव में मोटरसाइकिल सवार आतंकियों ने सीआरपीएफ की नाका पार्टी पर हमला किया था। बताया गया कि आतंकियों ने महज 15 सेकंड के भीतर करीब 30 राउंड गोलियां चलाई थीं।
इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे। इसके बाद से ही सुरक्षा बल उनकी तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं।
कौन है मोहम्मद लतीफ भट?
मोहम्मद लतीफ भट दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के खेरवान क्षेत्र का निवासी बताया जाता है। सुरक्षा एजेंसियां उसे लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा स्थानीय आतंकी मानती हैं। उसका नाम द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) से भी जुड़ता रहा है, जिसे लश्कर का सहयोगी संगठन माना जाता है।
लतीफ पहली बार शोपियां में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ के बाद चर्चा में आया था। उस अभियान के दौरान वह लश्कर के आतंकी जाकिर गनई के साथ घिर गया था। पांच दिन तक चले ऑपरेशन में सुरक्षा बलों ने जाकिर गनई को मार गिराया था, जबकि लतीफ मौके से भागने में कामयाब रहा। इसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं।
15 लाख रुपये का इनामी था लतीफ भट
बताया जाता है कि लतीफ अहमद भट पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। खबर के मुताबिक, वह पिछले साल नवंबर में आतंकी गतिविधियों में शामिल हुआ था। उस पर इस साल जुलाई में अनंतनाग के लालचौक में एक पुलिसकर्मी की हत्या और कुलगाम में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की हत्या में शामिल होने के आरोप भी हैं।
फिलहाल मुठभेड़ में मारे गए दोनों आतंकियों की पहचान और लतीफ भट की मौत को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
