यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा दांव, सपा को भेजी 181 सीटों की लिस्ट; दिसंबर से शुरू होगा चुनावी अभियान

यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा दांव, सपा को भेजी 181 सीटों की लिस्ट; दिसंबर से शुरू होगा चुनावी अभियान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ INDIA गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। खबरों के मुताबिक, कांग्रेस ने सपा को 181 विधानसभा सीटों की सूची भेजी है। इस सूची में उन सीटों का उल्लेख है, जिन पर कांग्रेस चुनाव लड़ना चाहती है और अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है। हालांकि, सीटों के बंटवारे पर दोनों दलों के बीच अंतिम सहमति का इंतजार है।

खरगे ने बैठक के बाद क्या कहा?

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दिल्ली स्थित आवास पर उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। बैठक के बाद खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी चुनावों पर विस्तार से चर्चा की गई है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का आगामी चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देने वाला होगा। प्रदेश की जनता परिवर्तन चाहती है और सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहती है। खरगे ने भरोसा जताया कि कांग्रेस INDIA गठबंधन के साथ मिलकर जनता के सामने मजबूत विकल्प पेश करेगी।

दिसंबर के पहले सप्ताह से शुरू होगा चुनावी अभियान

बैठक के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, अजय माकन और प्रियंका गांधी के साथ बैठक हुई। इसमें उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के पूरे अभियान की रणनीति पर चर्चा की गई।

उन्होंने कहा कि दिसंबर के पहले सप्ताह से पार्टी प्रदेश में तेज गति से चुनावी अभियान शुरू करेगी। इसके लिए बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को तैयार किया जा रहा है। अभियान में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई है।

सीट बंटवारे पर सपा से बातचीत के संकेत

सीटों के बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि शाम तक यह स्पष्ट हो जाएगा कि बैठक कहां होगी और समाजवादी पार्टी की ओर से कौन इसमें शामिल होगा। इससे संकेत मिल रहे हैं कि दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बातचीत आगे बढ़ सकती है।

इमरान मसूद बोले- संख्या नहीं, जीत महत्वपूर्ण

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी बैठक के बाद चुनावी तैयारियों को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दिसंबर के पहले सप्ताह में चुनाव प्रचार शुरू करने का फैसला हुआ है। पार्टी की ओर से रैलियां और यात्राएं आयोजित की जाएंगी।

मसूद ने कहा कि गठबंधन में चर्चा केवल सीटों की संख्या को लेकर नहीं है, बल्कि मिलकर चुनाव जीतना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि सोमवार की बैठक मुख्य रूप से संगठन और चुनावी तैयारियों को लेकर थी।

अखिलेश पहले ही कर चुके हैं सीटों की मांग का खुलासा

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही कांग्रेस की ओर से मांगी गई सीटों की संख्या को लेकर बयान दे चुके हैं। अब कांग्रेस की ओर से 181 सीटों की सूची भेजे जाने की खबर के बाद यूपी में INDIA गठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, अंतिम फैसला दोनों दलों के बीच होने वाली बातचीत और आपसी सहमति के बाद ही सामने आएगा।

Leave a Reply