अजित पवार के निधन से पैदा हुई कमी लंबे समय तक पूरी नहीं होगी: अमित शाह, उद्धव ठाकरे पर भी साधा निशाना
पुणे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुणे में जिला परिषद कार्यालय में महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दिवंगत नेता अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने अजित पवार को अपना करीबी मित्र और राजनीतिक साथी बताते हुए कहा कि उनके निधन से जो कमी पैदा हुई है, उसे लंबे समय तक पूरा नहीं किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि अजित पवार राजनीतिक बातचीत में हमेशा स्पष्ट और बेबाक रहते थे। उनकी बातों में दो टूक जवाब देने का साहस था।
अमित शाह ने कहा कि महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन में अजित पवार के शामिल होने से सरकार को स्थिरता मिली। उन्होंने एक पुराना प्रसंग साझा करते हुए बताया कि जब अजित पवार महायुति में शामिल हुए थे, तब उन्होंने उनसे सवाल किया था। इस पर अजित पवार ने जवाब दिया था कि देश का विकास और महायुति एक-दूसरे से अलग नहीं हो सकते।
उद्धव ठाकरे पर साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कोरोना महामारी के समय का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से संपर्क करना मुश्किल होता था, जबकि अजित पवार सुबह सात बजे से ही सचिवालय में उपलब्ध रहते थे और फोन पर लोगों की समस्याएं सुनते थे।
शाह ने कहा कि लोगों के प्रति इस तरह का जुड़ाव बहुत कम नेताओं में देखने को मिलता है। उन्होंने अजित पवार को याद करते हुए कहा कि दादा का जाना उनके व्यक्तिगत जीवन के लिए भी अपूरणीय क्षति है। वे केवल उनके अंतरंग मित्र ही नहीं, बल्कि राजनीतिक साथी भी थे। आज भी उन्हें विश्वास नहीं होता कि अजित पवार अब उनके बीच नहीं हैं। उनका हंसमुख चेहरा हमेशा याद आता है।
राजनीतिक बातचीत में हमेशा स्पष्ट रहते थे अजित पवार
अमित शाह ने कहा कि राजनीतिक बातचीत और समझौतों के दौरान उन्होंने अजित पवार को हमेशा स्पष्टवादी पाया। उनका जवाब या तो हां होता था या फिर ना। अगर कोई काम संभव होता था तो वे हां कहते थे और संभव नहीं होने पर साफ मना कर देते थे। शाह के मुताबिक, इस तरह की स्पष्टता और साहस बहुत कम लोगों में होता है।
अमित शाह ने सुनाया चीनी मिलों से जुड़ा पुराना किस्सा
गृह मंत्री ने अजित पवार के साथ हुई एक पुरानी बातचीत का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अजित पवार ने उनसे चीनी मिलों पर दो बार आयकर लगाए जाने और इस संबंध में लंबित नोटिसों की समस्या उठाई थी। उन्होंने बताया था कि पूर्व वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी के कार्यकाल से ही इस मुद्दे का समाधान निकालने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन कोई रास्ता नहीं निकल पा रहा था।
अमित शाह ने कहा कि उन्होंने मामले को समझने के बाद अजित पवार से कहा था कि यह वित्त मंत्रालय का नहीं, बल्कि सहकारिता मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र का विषय है। उन्होंने भरोसा दिलाया था कि इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
शाह ने बताया कि जब इस दिशा में फैसला हुआ तो अजित पवार ने सुबह पौने सात बजे उन्हें फोन किया। उन्होंने कहा कि सहकारी क्षेत्र, खासकर चीनी मिलों के लिए केंद्र सरकार का यह फैसला बहुत बड़ी मदद साबित होगा।
अमित शाह ने कहा कि अजित पवार को काम की गहरी समझ थी। वे जानते थे कि कौन-सा मुद्दा महत्वपूर्ण है और किस काम को प्राथमिकता देनी चाहिए। उनकी प्रशासनिक क्षमता, काम के प्रति लगन और स्पष्ट सोच हमेशा याद रखी जाएगी।
