जेपी नड्डा के काफिले पर हमले का मुख्य आरोपी TMC नेता इमरान हसन मोल्लाह गिरफ्तार, पुलिस ने सड़क पर घुमाया
पश्चिम बंगाल में साल 2020 में बीजेपी के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने एक अहम आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता इमरान हसन मोल्लाह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे शनिवार रात उस्ती इलाके से हिरासत में लिया। इस गिरफ्तारी के बाद करीब छह साल पुराने इस चर्चित मामले ने एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है।
दरअसल, 10 दिसंबर 2020 को पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर स्थित शिराखोल इलाके में जेपी नड्डा के काफिले पर हमला हुआ था। उस दौरान कुछ लोगों ने काफिले में शामिल वाहनों पर ईंट-पत्थरों और कांच की बोतलों से हमला कर दिया था। घटना में कई वाहनों को नुकसान पहुंचा था, जबकि बीजेपी के कई नेता और कार्यकर्ता बाल-बाल बच गए थे।
आरोपी को लेकर पुलिस ने कराया क्राइम सीन रीक्रिएशन
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने घटना की परिस्थितियों और कथित भूमिका को समझने के लिए क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया। इसके तहत इमरान हसन मोल्लाह को उस्ती थाने के अंतर्गत आने वाले अलग-अलग इलाकों और सड़कों पर ले जाया गया। पुलिस इस प्रक्रिया के जरिए घटना से जुड़े तथ्यों और संभावित कड़ियों की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के सामने हाथ जोड़ता नजर आया आरोपी
पुलिस जब आरोपी को लेकर इलाके में पहुंची तो उसे देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान इमरान हसन मोल्लाह हाथ जोड़ते और सिर झुकाते हुए दिखाई दिया। खबरों के मुताबिक, वह स्थानीय लोगों के सामने माफी मांगता भी नजर आया। पुलिस की इस कार्रवाई को जांच का हिस्सा बताया जा रहा है।
पुलिस रिमांड पर आरोपी, पूछताछ जारी
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अदालत के निर्देश पर आरोपी को पुलिस रिमांड पर भेजे जाने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि 2020 में हुए हमले में उसकी कथित भूमिका क्या थी और घटना से जुड़े अन्य लोगों की इसमें कोई संलिप्तता थी या नहीं।
इस गिरफ्तारी के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में भी पुराने हमले का मामला फिर चर्चा में आ गया है। हालांकि, आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होनी बाकी है।
