Trump In India: ताजमहल में पहुंचे डोनाल्ड ट्रंप-मेलानिया, स्वागत में ‘सुनहरा’ हुआ ‘संगमरमरी हुस्न’

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तय समय से आधा घंटे पहले आगरा पहुंच गए। खेरिया एयरपोर्ट पर ट्रंप का स्वागत उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इस दौरान आगरा के महापौर नवीन जैन भी मौजूद रहे।

डोनाल्ड ट्रंप का एयरफोर्स वन खेरिया एयरपोर्ट पर करीब 4.15 बजे उतरा। यहां पहुंचने का प्रस्तावित वक्त 4.45 बजे था। ट्रंप के साथ उनकी पत्नी मेलानिया, इवांका भी आई हैं। ट्रंप की अगवानी के लिए राज्यपाल और मुख्यमंत्री यहां पहले से ही पहुंच चुके थे।

एयरपोर्ट पर विमान से उतरने के बाद उनके स्वागत के लिए मयूर नृत्य का कार्यक्रम हुआ। मयूर नृत्य देखकर अमेरिका के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी मंत्रमुग्ध हो गए। राष्ट्रपति ने कलाकारों के लिए वेलडन का साइन बनाया और गुड, ग्रेट बोला। इस दौरान उनकी बेटी इवांका भी ताली बजाती रहीं।

एयरपोर्ट से निकलकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का काफिला होटल अमर विलास में पहुंचा। यहां से गोल्फ कार्ट में ताजमहल देखने के लिए वे रवाना हुए।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के स्वागत में सड़क किनारे हाथों में झंड़े लेकर खड़ीं छात्राएं – फोटो : अमर उजाला
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ताजमहल के दीदार के लिए पहुंच गए। सूर्यास्त से पहले ट्रंप के ताजमहल के दीदार का दृश्य बेहद रोमांचक है। सुनहरी धूप ताजमहल पर पड़ रही है और सफेद संगमरमर से बना ताजमहल सुनहरे रंग का अहसास करा रहा है।

डोनाल्ड ट्रंप ने गाइड नितिन के साथ ताजमहल की बारीकियों को जाना। गाइड ने उन्हें ताजमहल का इतिहास बताया। गाइड द्वारा बताई बातों को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ने बेहद गौर से सुना।

ताजमहल देखने से पहले डोनाल्ड ट्रंप ने विजिटर बुक में संदेश लिखा। डायना बेंच पर पहुंचने से पहले दोनों ने ताजमहल को देखा और एक दूसरे से बातचीत की। डायना बेंच के सामने फोटो खिंचाए।

ताजमहल में डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया के साथ उनकी बेटी इवांका और दामाद भी थे। इवांका और जैरेड ने ताजमहल का दीदार साथ किया और उन्होंने जमकर फोटो खिंचाए।