‘भारत में है राजनीतिक स्थिरता’, PM मोदी बोले- रिफॉर्म हमारे लिए नहीं कम्पल्शन
PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ET ग्लोबल लीडर्स फोरम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत में राजनीतिक स्थिरता और नीतियों में निरंतरता है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर कई चुनौतियों के बावजूद भारत को विकास के एक उज्ज्वल केंद्र के तौर पर देखा जा रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत अपने विकास को गति देने के लिए लगातार नीतिगत और प्रशासनिक सुधार कर रहा है। 15 अगस्त को लाल किले से बताए गए सात प्रमुख क्षेत्रों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म्स के जरिए भविष्य को सुरक्षित करने पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा, “रिफॉर्म हमारे लिए कम्पल्शन नहीं है, ये हमारा कमिटमेंट है, ये हमारा कन्विक्शन है।” पीएम मोदी के मुताबिक 2014 के बाद से सुधारों ने देश की दशा और दिशा बदलने में अहम भूमिका निभाई है।
प्रधानमंत्री ने PLI (Production Linked Incentive) योजना का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले उत्पादन बढ़ाने पर कंपनियों को दंडित करने की व्यवस्था थी, जबकि आज सरकार उत्पादन बढ़ाने के लिए इंसेंटिव दे रही है। उन्होंने कहा कि भारत अब मैन्युफैक्चरिंग, टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, ग्रीन और ब्लू इकोनॉमी जैसे क्षेत्रों पर विशेष जोर दे रहा है।
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि सरकार का फोकस सिर्फ नियम बदलने पर नहीं, बल्कि गवर्नेंस और ईज ऑफ लिविंग में सुधार पर है। उन्होंने रेगुलेशन की पुरानी सोच “Permitted unless prohibited” की दिशा में बदलाव की बात कही।
