मां सोनिया की किताब पर भावुक हुए राहुल, ‘प्रियंका और मैं ही जानते हैं कि…’

मां सोनिया की किताब पर भावुक हुए राहुल, ‘प्रियंका और मैं ही जानते हैं कि…’

New Delhi : कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी की आने वाली आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ को लेकर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि पिता राजीव गांधी के निधन के बाद सोनिया गांधी ने जिस साहस और गरिमा के साथ जीवन की मुश्किलों का सामना किया, उसे केवल वह और उनकी बहन प्रियंका गांधी ही पूरी तरह जानते हैं। 

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर किताब का कवर शेयर करते हुए लिखा कि उन्होंने अपनी मां और पिता को आखिरी बार 35 साल से भी अधिक समय पहले साथ देखा था। उन्होंने कहा कि पिता के जाने के बाद उन्होंने सोनिया गांधी को जीवन की हर चुनौती का सामना करते देखा है।

राहुल ने लिखा कि “केवल प्रियंका और मैं ही असल में जानते हैं कि आपने किन परिस्थितियों का सामना किया और पापा के जाने के बाद आपका जीवन कितना कठिन था।” उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी और गर्व है कि सोनिया गांधी की कहानी अब उन लाखों लोगों तक पहुंचेगी, जो उनसे प्यार करते हैं।

राहुल ने यह भी कहा कि सोनिया गांधी के लिए, जो हमेशा अपने निजी जीवन को महत्व देती रही हैं, दुनिया के सामने अपनी कहानी रखना आसान नहीं रहा होगा। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि राजीव गांधी आज होते तो ऊपर से मुस्कुराते हुए अपनी “खूबसूरत सोनिया” को गर्व से देख रहे होते।

सोनिया गांधी की यह आत्मकथा 10 नवंबर 2026 को प्रकाशित होने वाली है। राहुल ने यह संदेश राजीव गांधी की जयंती के मौके पर साझा किया।

Leave a Reply