‘सीधे बोल दो खेलना नहीं देना चाहते’, गोंडा में रेसलर विनेश फोगाट का WFI पर फूटा गुस्सा

‘सीधे बोल दो खेलना नहीं देना चाहते’, गोंडा में रेसलर विनेश फोगाट का WFI पर फूटा गुस्सा

उत्तर प्रदेश के गोंडा स्थित नंदिनी नगर स्टेडियम में चल रहे नेशनल ओपन रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट के दौरान सोमवार को बड़ा विवाद सामने आ गया. प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचीं भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती संघ (WFI) पर गंभीर आरोप लगाए. विनेश ने कहा कि उन्हें जानबूझकर प्रतियोगिता से बाहर रखने की कोशिश की जा रही है और लगातार विवादों में उलझाया जा रहा है ताकि वह खुद ही कुश्ती से दूरी बना लें.

मीडिया से बातचीत में विनेश फोगाट काफी भावुक और नाराज नजर आईं. उन्होंने कहा कि उन्होंने संन्यास से वापसी के लिए तय सभी नियम पूरे किए हैं और पहले नोटिस का जवाब भी दे दिया है. इसके बावजूद उन्हें बार-बार नए सवालों और प्रक्रियाओं में फंसाया जा रहा है.

‘सीधे बोल दो कि खेलना नहीं देना चाहते’

मीटिंग के दौरान क्या हुआ, इस सवाल पर विनेश ने कहा कि अधिकारी पॉलिटिकली करेक्ट बनने की कोशिश कर रहे थे. उन्होंने बताया कि उनसे कहा गया कि वह 14 दिन के भीतर जवाब दें. इस पर विनेश ने सवाल उठाते हुए कहा कि बिना सबूत देखे उन्हें पहले से ही दोषी कैसे माना जा सकता है.

विनेश ने कहा, “मैंने उनसे साफ कहा कि सीधे-सीधे बोल दो कि आप मुझे मुकाबला नहीं करने देना चाहते. आप चाहते हैं कि मैं इन सब चीज़ों से थक जाऊँ और आखिरकार कह दूँ कि मैं कुश्ती से संन्यास लेना चाहती हूँ.”

उन्होंने दावा किया कि उनके पास अंतरराष्ट्रीय संस्था UWW से जुड़े दस्तावेज और जवाब मौजूद हैं, जिन्हें वह तुरंत दिखाने को तैयार थीं. लेकिन अधिकारियों ने कथित तौर पर दस्तावेज देखने से इनकार कर दिया और कहा कि पहले 14 दिन वाला जवाब आने के बाद ही कमेटी फैसला करेगी.

‘जानबूझकर विवादों में फंसाया जा रहा’

विनेश फोगाट ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार ऐसे विवादों और प्रक्रियाओं में उलझाया जा रहा है ताकि उनका मानसिक दबाव बढ़े. उन्होंने कहा कि वह मैट पर वापसी करना चाहती हैं, लेकिन कुछ लोग नहीं चाहते कि वह दोबारा कुश्ती लड़ें.

Leave a Reply