दिल्ली में आज चलेंगी तेज हवाएं, बारिश के भी आसार, मौसम विभाग ने किया अलर्ट

दिल्ली में आज चलेंगी तेज हवाएं, बारिश के भी आसार, मौसम विभाग ने किया अलर्ट

देश के कई राज्यों में एक बार फिर से मौसस के बदलते मिजाज का असर दिखाई दे रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 14 से 17 मई के  बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी और साउथ कर्नाटक में भारी बारिश का अनुमान है. 11 से 15 मई के दौरान उत्तर-पश्चिमी भारत में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आंधी, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इसके अलावा,  आज जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है.

वहीं, अगले 4-5 दिनों के दौरान राजस्थान, गुजरात और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ अलग-अलग इलाकों में लू की स्थिति बने रहने की संभावना है. IMD ने मौसम में आए इस बदलाव को देखते हुए मंगलवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आंधी-तूफान और बारिश के चलते अगले 24 घंटों में गर्मी से राहत मिल सकती है. दिल्ली की बात करें तो यहांआज  आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है.

कैसा रहा पिछले 24 घंटे के मौसम?

दिल्ली में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है,  न्यूनतम तापमान में लगभग 1-2 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी देखने को मिली. पिछले 24 घंटों के दौरान यहां न्यूनतम तापमान 25-27 डिग्री सेल्सियस की सीमा में और अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस रहा. राजधानी में पिछले 24 घंटों के दौरान 15-20 किमी/घंटा की गति से दक्षिण-पूर्वी हवाएं चलीं.

दिल्ली का मौसम आज कैसा रहेगा?

राजधानी में अगले 3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट और उसके बाद 3-5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है. IMD के अनुसार, 12 मई को हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ तूफान का अनुमान है. आज के लिए भी ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है, जिसमें दिल्ली के लोगों को बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना को लेकर चेताया गया है.  दिल्ली-एनसीआर में आज सोमवार (11 मई) को  न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच और अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

मौसम विभाग के अनुसार, सुबह के समय हल्की धूप के साथ बादल छाए रहेंगे. सुबह या दोपहर से पहले बहुत हल्की बारिश की संभावना है, जिसके साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान हवा की गति 40-50 किमी/घंटा रहने का अनुमान है, जो झोंको के साथ 60  किमी/घंटा की रफ्तार तक जा सकती है.

लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

ऐसे में लोगों को मौसम विभाग ने सावधानी बरतने की सलाह दी है. खासतौर पर खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है क्योंकि इस दौरान पेड़ के गिरने या बिजली के गिरने से कोई भी अप्रिय घटना होने की संभावना बनी रहती है. बिजली कड़कने के दौरान बिजली के उपकरणों को अनप्लग करने की सलाह दी गई है. किसानों को सलाह दी जाती है कि वो अपनी कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दें.

Leave a Reply