PM मोदी की पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील पर आया शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का रिएक्शन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोना न खरीदने और पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने वाली अपील पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद की प्रतिक्रिया सामने आई है. शंकराचार्य ने सोमवार को कहा कि सरकार को लोगों से खर्च में कटौती करने के लिए कहने से पहले अपने ‘8,000 करोड़ रुपये के विमान’ को बेचकर कम ईंधन खपत वाले विमानों का उपयोग करना चाहिए.
सोनभद्र में अपनी ‘गोविष्ट यात्रा’ के दौरान स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने पत्रकारों से कहा कि अमेरिकी डॉलर 100 रुपये के करीब पहुंच रहा है और मितव्ययिता के उपाय सत्ता में बैठे लोगों से शुरू होने चाहिए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोना न खरीदने की अपील पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा, ‘पहले 8,000 करोड़ रुपये के विमान को बेचकर कम ईंधन खपत वाले विमान का इस्तेमाल किया जाए. धर्म का काम घर से शुरू होना चाहिए.’
पीएम मोदी ने जनता से की थी ये अपील
पीएम मोदी ने रविवार को कहा कि पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर फिलहाल पेट्रोलियम उत्पादों का संयमित तरीके से उपयोग करना समय की मांग है. हैदराबाद में उन्होंने कहा कि आयातित पेट्रोलियम उत्पादों का उपयोग केवल आवश्यकता के अनुसार किया जाना चाहिए, क्योंकि इससे न केवल विदेशी मुद्रा की बचत होगी बल्कि युद्ध के प्रतिकूल प्रभाव को भी कम किया जा सकेगा.
विदेशों में शादियां न करें: मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वो गैर जरूरी विदेश यात्रा, विदेश में छुट्टियां मनाने और विदेशी शादियों से बचें और घरेलू पर्यटन को बढ़ावा दें. देश में ही शादियां करें ताकि विदेशी मुद्रा भंडार को संरक्षित करने में मदद मिले. पीएम मोदी ने लोगों से अपील की है कि वो पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा दें. मेट्रो, बस, कारपूल और ईवी अपनाएं.
प्रधानमंत्री ने लोगों से एक साल तक सोना न खरीदने की अपील की. इसके अलावा मेक इन इंडिया प्रोडक्ट खरीदने और लोकल लेवर पर बनने वाले प्रोडक्ट्स को प्राथमिकता देने के लिए प्रोत्साहित किया. पीएम मोदी ने किसानों से अपील कि वे रासायनिक खाद 50 प्रतिशत कम करें प्राकृतिक खेती अपनाएं और डीजल पंप की जगह सौर पंप लगाएं.
