तीतरों पुलिस ने महिला हत्याकांड का किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
माधोपुर में घर के अंदर मृत मिली थी महिला, पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
सहारनपुर। थाना तीतरों पुलिस ने ग्राम माधोपुर में हुई महिला की हत्या की घटना का खुलासा करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक ने पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि 29 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम माधोपुर में एक महिला अपने घर में मृत अवस्था में पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर फील्ड यूनिट के माध्यम से घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था।
इस मामले में मृतका के परिजन रामफल पुत्र बृजपाल निवासी ग्राम माधोपुर की लिखित तहरीर पर थाना तीतरों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
एसपी देहात ने बताया कि थाना प्रभारी सचिन पूनिया और उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर विवेचना के दौरान प्रकाश में आए वांछित आरोपी रोहित उर्फ बुद्धू पुत्र मांगेराम निवासी ग्राम माधोपुर को नानौता-तीतरों मार्ग से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
