नकुड़ में एक करोड़ की लागत से लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, करोड़ों के विकास कार्यों को मिलेगी गति

नकुड़ में एक करोड़ की लागत से लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, करोड़ों के विकास कार्यों को मिलेगी गति

नगर में लाइब्रेरी बनाने की तैयारी, 13 स्थानों पर लगेंगी हाईमास्ट लाइटें; साढ़े तीन साल में बनवाई गईं 90 सड़कें

नकुड़, 6 नवंबर। नगर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सेफ सिटी योजना के अंतर्गत एक करोड़ रुपये की लागत से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा नगर में लाइब्रेरी का निर्माण भी कराया जाएगा। नगर में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों को गति देने की तैयारी की जा रही है।

नगर पालिकाध्यक्ष शिवकुमार गुप्ता ने दीपावली से पूर्व पालिका सभासदों, पत्रकारों और गणमान्य लोगों के साथ आयोजित विशेष बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगर में एक तालाब का सौंदर्यीकरण कराया जा चुका है, जबकि बस स्टैंड का निर्माण कार्य भी लगभग पूरा होने वाला है। गंगोह रोड बाईपास के निकट स्थित तालाब का भी सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इसके साथ ही विश्वकर्मा चौक से बस स्टैंड तक बाईपास रोड के विकास की योजना पर काम किया जा रहा है।

पालिकाध्यक्ष ने बताया कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में नगर में 90 सड़कों का निर्माण कराया गया है और कई अन्य सड़कों पर भी काम जारी है। सेफ सिटी योजना के तहत एक करोड़ रुपये की लागत से नगर में रोटेशन वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा 13 स्थानों पर हाईमास्ट लाइटें लगाने का कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा।

बैठक में सभासदों और उपस्थित लोगों ने नगर के विकास को लेकर कई सुझाव भी दिए। इनमें विश्वकर्मा चौक से बस स्टैंड तक सड़क के बीच डिवाइडर बनाने और उस पर स्ट्रीट लाइटें लगाने, विभिन्न वार्डों में छोटे एवं आकस्मिक विकास कार्य प्राथमिकता से कराने तथा नसरुल्लागढ़ रोड पर आने वाले भारी वाहनों को शुक्रताल के पास बाईपास बनाकर नगर के बाहर से निकालने की व्यवस्था करने के सुझाव शामिल रहे।

बैठक के दौरान नगर पालिकाध्यक्ष ने पालिका सभासदों एवं पत्रकारों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष राकेश वर्मा, सभासद डॉ. राजकुमार प्रजापति, शिवांगी शर्मा, सुरेंद्र कोरी, मैना, इंद्रेश त्यागी, विकास शर्मा, नदीम निजामी, विपिन आर्य, मनोज धनगर, सुरेश सैनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply