एक भी घोटाला साबित कर दो, राजनीति छोड़ दूंगा: हरीश रावत

एक भी घोटाला साबित कर दो, राजनीति छोड़ दूंगा: हरीश रावत

अमित शाह को दी खुली चुनौती, बोले- मेरे कार्यकाल में जुम्मे की छुट्टी या घोटाले का प्रमाण दें, जनता से मांगूंगा माफी

छुटमलपुर। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को खुली चुनौती देते हुए कहा कि उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में यदि कोई एक भी घोटाला या जुम्मे की छुट्टी से जुड़ा आरोप साबित हो जाता है तो वह राजनीति छोड़ देंगे और जनता से माफी मांगेंगे।

छुटमलपुर में मुजतबा एडवोकेट के आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में हरीश रावत ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देहरादून में उनके खिलाफ गलत बयानबाजी की है। उन्होंने दावा किया कि अमित शाह के बयान पर वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी तालियां बजाकर समर्थन नहीं किया।

हरीश रावत ने मौजूदा उत्तराखंड सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार के एक मंत्री की 210 करोड़ रुपये की संपत्ति से जुड़ा मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है, लेकिन सरकार इसकी सीबीआई जांच की अनुमति नहीं दे रही है।

उन्होंने भाजपा पर झूठे आरोप लगाकर सत्ता में आने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल को लेकर लगाए गए आरोप निराधार हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि स्टिंग ऑपरेशन भाजपा के लोगों ने ही करवाए थे।

खानपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए हरीश रावत ने कहा कि वह पार्टी के सच्चे सिपाही हैं। यदि पार्टी हाईकमान उन्हें चुनाव लड़ने का निर्देश देगा तो वह जरूर चुनाव लड़ेंगे।

Leave a Reply