विद्युत विभाग की खुदाई से बीपीसीएल की गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, टला बड़ा हादसा

विद्युत विभाग की खुदाई से बीपीसीएल की गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, टला बड़ा हादसा

बिना पूर्व सूचना के की जा रही थी खुदाई, दो घंटे की मशक्कत के बाद मरम्मत कर बहाल की गई गैस आपूर्ति

सरसावा। पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र की ओर जाने वाले मार्ग पर विद्युत विभाग की ओर से कराई जा रही खुदाई के दौरान भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की उच्च दबाव वाली भूमिगत गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। शुक्रवार दोपहर करीब 1:50 बजे हुई इस घटना से संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया। हालांकि, समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, विद्युत विभाग की ओर से गैस पाइपलाइन प्रबंधन को पूर्व सूचना दिए बिना खुदाई का कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान खुदाई मशीन की चपेट में आने से भूमिगत गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। आरोप है कि घटना के बाद मौके पर मौजूद विद्युत विभाग के कर्मचारी संबंधित विभागों को सूचना दिए बिना वहां से चले गए।

घटना की जानकारी मिलते ही भारत पेट्रोलियम की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू की। टीम ने अग्निशमन विभाग और थाना सरसावा पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए। इसके बाद तकनीकी कर्मचारियों ने पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू किया।

बीपीसीएल की टीम ने तत्परता दिखाते हुए करीब दो घंटे के भीतर मरम्मत कार्य पूरा कर लिया। दोपहर करीब चार बजे तक पाइपलाइन को पूरी तरह दुरुस्त कर गैस आपूर्ति दोबारा सुचारू कर दी गई।

भारत पेट्रोलियम की ओर से संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों से अपील की गई है कि भूमिगत गैस पाइपलाइन के आसपास किसी भी प्रकार का निर्माण या खुदाई कार्य शुरू करने से पहले पाइपलाइन प्रबंधन को अनिवार्य रूप से सूचना दें। साथ ही आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply