विकसित भारत 2047 पर भाषण प्रतियोगिता, छात्र-छात्राओं ने रखे विचार

विकसित भारत 2047 पर भाषण प्रतियोगिता, छात्र-छात्राओं ने रखे विचार
सहारनपुर में मां शाकम्भरी विश्वविद्यालय सभागार में आयोजित भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागी छात्र-छात्राएं।

सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत मां शाकम्भरी विश्वविद्यालय में ‘विकसित भारत 2047’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभागिता करते हुए विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए।

विश्वविद्यालय सभागार में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने युवा शक्ति, शिक्षा, नवाचार, आत्मनिर्भरता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रतिभागियों ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।

विद्यार्थियों ने अपने भाषणों के माध्यम से विकसित भारत के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने राष्ट्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में युवाओं के योगदान, नई तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने तथा शिक्षा के माध्यम से देश को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। प्रतिभागियों ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए युवा वर्ग की सक्रिय भागीदारी और सकारात्मक सोच आवश्यक है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर विमला वाई ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को विकसित भारत के निर्माण में अपनी सकारात्मक एवं रचनात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा और नवाचार की सोच देश के भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अकादमिक समन्वयक प्रोफेसर विनोद कुमार, डॉ. अंकिता चौधरी, डॉ. डिम्पल, डॉ. बालिस्टर, डॉ. सौरभ कसाना, डॉ. भरत, डॉ. शशि और डॉ. संजय सहित शिक्षकगण एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply