बेहट पुलिस ने मुठभेड़ में घायलावस्था में दबोचा शातिर गौकश, दूसरा फरार
सहारनपुर। थाना बेहट पुलिस ने गौकशी की तैयारी कर रहे दो आरोपियों के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान एक शातिर गौकश को घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस, एक जिंदा गौवंश, गौकशी के उपकरण और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, विगत रात्रि थाना बेहट पुलिस प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह दीक्षित, उपनिरीक्षक विकास कुमार और धीरज सिंह के नेतृत्व में ताजपुरा नहर पुल से मालाहेड़ी की ओर जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम ताजपुरा के जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर स्थित आम के बाग की तरफ पुलिस को रोशनी दिखाई दी।
पुलिस टीम रोशनी की दिशा में आगे बढ़ी तो बाग में दो व्यक्ति गौकशी की तैयारी करते दिखाई दिए। पुलिस के मुताबिक, टीम ने जब दोनों को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
वहीं, दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस टीम ने काफी देर तक आसपास के जंगल और क्षेत्र में कांबिंग अभियान चलाया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
पुलिस ने घायल अवस्था में पकड़े गए आरोपी की पहचान हसीन पुत्र सईद निवासी ग्राम गंदेवड़ा, थाना फतेहपुर, हाल निवासी ताजपुरा, थाना बेहट के रूप में की है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस 315 बोर, एक जिंदा गौवंश, गौकशी के उपकरण और बिना नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल बरामद की।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अभ्यस्त अपराधी है और उसके खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में अलग-अलग धाराओं में करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ में घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
