‘लाठी-तलवार तैयार कर रहे हैं सपाई’, ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर लगाए गंभीर आरोप

‘लाठी-तलवार तैयार कर रहे हैं सपाई’, ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर लगाए गंभीर आरोप

सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर बेहद तीखा हमला बोला है. सोमवार को सोशल मीडिया पर किए गए लंबे पोस्ट में राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के समर्थक सत्ता में वापसी का इंतजार कर रहे हैं और सरकार बनते ही प्रदेश में फिर से गुंडाराज और दबंगई का माहौल कायम करना चाहते हैं.

ओम प्रकाश राजभर ने अपने पोस्ट की शुरुआत अखिलेश यादव को ‘राजा बाबू’ कहकर संबोधित करते हुए की. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा समर्थकों का एक वर्ग अपनी लाठियों को तेल पिला रहा है, जबकि दूसरा चाकू और तलवारों में धार तेज कर रहा है. राजभर ने कहा कि उन्हें मालूम है कि पिछले दस सालों से समाजवादी पार्टी के लोग सिर्फ इस इंतजार में हैं कि किसी तरह उनकी सरकार बन जाए.

राजभर ने कहा कि कि सत्ता में आते ही लाल टोपी पहनने वाले सपा के गुंडे, मवाली और माफिया थानों पर कब्जा कर लेंगे. इसके बाद प्रदेश में ‘PDA- पीट देगा अहीर, पीट देगा अल्पसंख्यक (सपाई)’ और ‘KDA- काट देगा अहीर, काट देगा अल्पसंख्यक (सपाई)’ जैसा अभियान शुरू कर दिया जाएगा.

‘बहुजन जातियों को सबसे ज्यादा निशाना बनाएंगे’

राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के निशाने पर सबसे पहले गैर-यादव पिछड़ा और बहुजन समाज होगा. उन्होंने कहा कि पाल, प्रजापति, बिंद, केवट, मल्लाह, राजभर, निषाद, मांझी, दर्जी, तेली, लोनिया, फकीर और बंजारा जैसी जातियों को सबसे आसान निशाना बनाया जाएगा.

उन्होंने कहा कि सपा सरकार आते ही इन समाजों के लोगों के साथ मारपीट की जाएगी, दंगे कराकर उनके घर लुटवाए जाएंगे, आगजनी कराई जाएगी और उनकी बहन-बेटियों के साथ अत्याचार होंगे. राजभर ने कहा कि सपा समर्थक पिछले करीब दस वर्षों से बहुजन समाज के लोगों की जमीनों और घरों पर नजर गड़ाए बैठे हैं. उन्होंने कहा कि सत्ता मिलते ही उन जमीनों पर कब्जा करने की तैयारी की जा रही है. सपा समर्थक गांव-गांव घूमकर कहते हैं कि बस एक मौका मिल जाए, फिर बताते हैं.

2027 में सपा को सफाचट कर देंगे

राजभर ने कहा कि बहुजन समाज अब सब कुछ समझ चुका है और अपने घर लुटवाने, जमीनों पर कब्जा होने और अपने लोगों की हत्या का मौका समाजवादी पार्टी को नहीं देगा. पोस्ट के आखिर में उन्होंने समाजवादी पार्टी को सीधी राजनीतिक चुनौती देते हुए लिखा, ‘आप 2017 में हारे, 2022 में पिटे, अब 2027 में सपा को सफाचट करेंगे… लिखकर रख लीजिए.’

Leave a Reply