एक बार फिर सहारनपुर पहुंचे सेवन डे चर्च के अधिकारी

एक बार फिर सहारनपुर पहुंचे सेवन डे चर्च के अधिकारी
सहारनपुर में जांच के लिए पहुंचे सेवन डे चर्च इंक्वायरी कमीशन के सदस्य।

तीन सदस्यीय इंक्वायरी कमीशन ने पूर्व पादरी जसपाल मसीह उर्फ भट्टी मामले में की पूछताछ

सहारनपुर। सेवन डे चर्च इंक्वायरी कमीशन की तीन सदस्यीय टीम एक बार फिर सहारनपुर पहुंची। टीम ने चर्च के पूर्व पादरी जसपाल मसीह उर्फ भट्टी से जुड़े मामले में चर्च के सदस्यों से पूछताछ की और विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी जुटाई।

गौरतलब है कि पूर्व पादरी जसपाल मसीह उर्फ भट्टी पहले से ही एक आपराधिक मामले में न्यायिक हिरासत में हैं। उन पर चर्च के पेड़ों और अन्य सामान को बेचने के लिए एक व्यक्ति से अग्रिम धनराशि लेने तथा चर्च में दान देने वाले लोगों को रसीद नहीं देने सहित कई आरोप लगाए गए हैं।

जांच के दौरान टीम ने चर्च में आने वाले लोगों द्वारा दी जाने वाली दान राशि और उन्हें जारी की जाने वाली रसीदों से संबंधित जानकारी भी जुटाई। इंक्वायरी कमीशन के सदस्यों ने इस मामले की वादी महिला से भी मुलाकात कर उसके पक्ष को जाना।

इसके अलावा जांच टीम ने सेवन डे चर्च परिसर में रह रही पूर्व पादरी जसपाल मसीह उर्फ भट्टी की पत्नी और बच्चों से भी मुलाकात की। टीम ने मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटाने के साथ चर्च के सदस्यों से भी आवश्यक पूछताछ की।

इंक्वायरी कमीशन में पादरी सुरेंद्र लाल, पादरी रिचर्ड पॉल चंद और ट्रेजर राजन शामिल रहे। जांच पूरी करने के बाद तीनों सदस्य अपनी रिपोर्ट तैयार कर चर्च के मुख्यालय को भेजेंगे। इसके बाद मुख्यालय स्तर से ही पूर्व पादरी जसपाल मसीह उर्फ भट्टी के संबंध में आगे की कार्रवाई अथवा उन्हें बर्खास्त किए जाने को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

जांच टीम के साथ सेवन डे चर्च के नए पादरी रजनीश कुमार और चर्च के सदस्य सतीश दास भी मौजूद रहे। बताया गया कि पादरी रजनीश कुमार को चर्च से संबंधित अन्य जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।

Leave a Reply