राष्ट्रीय जाट महासभा ने किया संगठन का विस्तार, मुकेश चौधरी बने प्रदेश अध्यक्ष
सहारनपुर। राष्ट्रीय जाट महासभा ने संगठन का विस्तार करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सरोहा ने मुकेश चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके अलावा संजीव बालियान को सरसावा जिलाध्यक्ष, ब्रह्मपाल पुनिया को महानगर अध्यक्ष और राजदीप ढाका को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
पैरामाउंट स्थित कार्यालय पर नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मुकेश चौधरी सहित सभी पदाधिकारियों का जाट समाज के नागरिकों ने माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया। इस दौरान अखिल भारतीय जाट महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यमंत्री चौधरी नीरपाल सिंह ने मुकेश चौधरी का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें समाज के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुकेश चौधरी प्रदेश अध्यक्ष के रूप में ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ समाज के उत्थान के लिए कार्य करेंगे।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मुकेश चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सरोहा ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वह पूरी ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि जाट समाज की भलाई के लिए संगठन को मजबूत करने, समाज को आगे बढ़ाने, सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और एकजुटता बढ़ाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष संजीव बालियान, महानगर अध्यक्ष ब्रह्मपाल पुनिया और प्रदेश उपाध्यक्ष राजदीप ढाका ने नियुक्ति पर प्रसन्नता जताते हुए संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जीतेंद्र सिंह, अंकित बालियान, रिंपल बालियान, मनीष चन्देना, मनोज कुमार और अरुण सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
