आगे निकलने की होड़ बनी काल, भूसे में दबकर दो की मौत

आगे निकलने की होड़ बनी काल, भूसे में दबकर दो की मौत

सहारनपुर। पंचकूला-रुड़की नेशनल हाईवे-344ए पर शनिवार तड़के आगे निकलने की होड़ दो परिवारों के लिए मातम का कारण बन गई। गांव जगता नजीब के पास भूसे से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां आपस में साइड लगने के बाद अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे गहरी खाई में पलट गईं। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जबकि भूसे के नीचे दबने से दो लोगों की मौत हो गई।

बताया गया कि दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां यमुनानगर की ओर से देहरादून जा रही थीं। जगता नजीब के पास दोनों चालकों में आगे निकलने की होड़ शुरू हो गई। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आपस में साइड लग गई और चालक नियंत्रण खो बैठे। कुछ ही क्षणों में दोनों वाहन सड़क से उतरकर खाई में पलट गए।

हादसे में ग्राम नौजली, थाना नागल निवासी शौकीन, उस्मान और बारू घायल हो गए। वहीं वाशिम पुत्र जुल्फिकार और गुलजार ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ खाई में गिरे भूसे के नीचे दब गए।

सूचना मिलते ही सीओ नकुड़ जितेंद्र कुमार सिंह, थाना सरसावा प्रभारी प्रवेश कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फायर सर्विस और हाईवे मेंटिनेंस टीम को भी राहत एवं बचाव कार्य के लिए बुलाया गया। राहतकर्मियों ने घंटों मशक्कत कर भूसा हटाया और दोनों को बाहर निकाला। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र देकर किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं करने का अनुरोध किया। परिजनों के आग्रह पर शवों का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया और दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।

Leave a Reply