रेलवे पेंशनरों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर, 105 सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण
सहारनपुर। रेलवे पेंशनर्स समाज के तत्वावधान में रेलवे पेंशनरों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 105 सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए।
रेलवे एम्पैनल्ड मेडीग्राम हॉस्पिटल में आयोजित शिविर का शुभारंभ नगर मेयर एवं हॉस्पिटल डायरेक्टर डॉ. अजय कुमार सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल स्वास्थ्य सेवाओं को केवल व्यवसाय के रूप में नहीं, बल्कि समाजसेवा के उद्देश्य से भी संचालित करता है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं रेलवे परिवार से जुड़े हैं, इसलिए रेलवे पेंशनरों और उनके परिवारों की सेवा करने में उन्हें विशेष प्रसन्नता और संतुष्टि मिलती है।
रेलवे पेंशनर्स समाज के संस्थापक आरसी शर्मा ने निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित करने के लिए अस्पताल प्रबंधन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों और उनके परिवार के सदस्यों को एक ही स्थान पर विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञों से परामर्श मिलना काफी उपयोगी है।
शिविर में यूरोलॉजिस्ट डॉ. शरद अग्रवाल, जनरल एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. रवि जैन, न्यूरो सर्जन डॉ. रवि ठक्कर, कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. नईम कुरैशी और अस्थि एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. ऋषभ गर्ग ने मरीजों की जांच कर चिकित्सकीय परामर्श दिया।
अस्पताल के जनरल मैनेजर ऑपरेशंस नवनीत कुमार पांडेय, प्रशांत कुमार, राम अवतार, अर्वेश कुमार और अमित कुमार ने शिविर की व्यवस्थाएं संभालीं। संस्था के पदाधिकारियों को अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का भ्रमण कराकर उनके बारे में जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष जय नारायण शर्मा, राम प्रकाश शर्मा, राज कुमार धींगड़ा, मूलचंद रांगड़ा, अमरनाथ त्यागी, संजीव छाबड़ा, इकबाल अजीम, स्वतंत्र भारद्वाज, विजय त्यागी, विजेंद्र शर्मा, अरविंद शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
