राहुल गांधी विदेशी धरती पर भारत को बदनाम करते हैं: गौरव भाटिया
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विदेश दौरे पर दिए गए बयानों को लेकर भाजपा ने निशाना साधा है। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी मंचों से भारत की छवि खराब करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब भी विदेश जाते हैं तो उनके बयानों से देश को शर्मिंदगी उठानी पड़ती है।
गौरव भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी कोलंबिया यूनिवर्सिटी और अमेरिका जैसे विदेशी मंचों पर भारत के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी करते हैं। उनकी मंशा देश की मजबूत छवि को कमजोर करना है। उन्होंने राहुल गांधी को अराजकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि विदेशी धरती पर उनके बयान भारत विरोधी सोच को उजागर करते हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि जब भी संसद का सत्र शुरू होने वाला होता है, राहुल गांधी विदेश दौरे पर चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि देश में पिछले 12 वर्षों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मजबूत और स्थिर सरकार काम कर रही है, लेकिन राहुल गांधी इस सरकार को कमजोर करना चाहते हैं।
यूपीए सरकार में होते थे घोटाले: भाजपा
गौरव भाटिया ने कांग्रेस की पूर्ववर्ती यूपीए सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में सरकारी फाइलें अटकी रहती थीं, विकास कार्य प्रभावित होते थे और बड़े-बड़े घोटाले सामने आते थे। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास कर रहा है और नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि उन्हें भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इतनी नफरत क्यों है।
