कुलदीप सेंगर के परिवार से कोई चुनाव लड़ेगा तो करूंगा समर्थन: बृजभूषण सिंह

कुलदीप सेंगर के परिवार से कोई चुनाव लड़ेगा तो करूंगा समर्थन: बृजभूषण सिंह

गोंडा। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने उन्नाव दुष्कर्म कांड में दोषी ठहराए गए पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को लेकर बड़ा बयान दिया है। रिशालखेड़ा गांव में आयोजित एक उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि कुलदीप सिंह सेंगर के परिवार का कोई भी सदस्य चुनाव लड़ता है तो वह उसका समर्थन करेंगे।

बृजभूषण सिंह के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में चर्चाएं तेज हो गई हैं। उनसे 2027 के विधानसभा चुनाव में पूर्वांचल में उनके राजनीतिक प्रभाव को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि पूर्वांचल में उनका दबदबा पहले की तरह कायम रहेगा।

पहले भी कुलदीप सेंगर के समर्थन में दे चुके हैं बयान

यह पहला मौका नहीं है जब बृजभूषण शरण सिंह ने कुलदीप सिंह सेंगर का समर्थन किया है। इससे पहले भी सेंगर को जमानत मिलने के बाद उन्होंने उनके पक्ष में बयान दिया था। बृजभूषण ने कहा था कि कुलदीप सेंगर के साथ अन्याय हुआ और उनके खिलाफ भी वैसी ही साजिश रची गई, जैसी उनके खिलाफ रची गई थी।

उन्होंने अपने मामले का जिक्र करते हुए कहा था कि कई लोगों ने उनका समर्थन किया, जिसके बाद वह उस स्थिति से बाहर निकल सके।

2027 में पूर्वांचल में कायम रहेगा दबदबा

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बृजभूषण सिंह ने कहा कि 2027 में किसकी सरकार बनेगी, यह अभी नहीं बताया जा सकता, लेकिन पूर्वांचल में उनका प्रभाव बरकरार रहेगा।

वहीं, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव क्या करेंगे और संत समाज क्या करेगा, यह उनका निजी विषय है।

राजा भैया और सनातन पर भी दिया था बयान

इससे पहले गोंडा में धीरेंद्र शास्त्री की श्रीराम कथा के दौरान बृजभूषण सिंह ने राजा भैया को लेकर भी बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि राजा भैया और उनके पिता का दबदबा पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा।

सनातन धर्म को लेकर उन्होंने कहा था कि सनातन किसी की दया पर निर्भर नहीं था। यह पहले भी था, आज भी है और भविष्य में भी बना रहेगा।

Leave a Reply