अखिलेश यादव पर ओम प्रकाश राजभर का तंज, बोले- खुद इस्तीफा देकर किसी मुस्लिम को सौंप दें सपा की कमान

अखिलेश यादव पर ओम प्रकाश राजभर का तंज, बोले- खुद इस्तीफा देकर किसी मुस्लिम को सौंप दें सपा की कमान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी की हापुड़ जिला कार्यकारिणी समेत कई संगठनात्मक इकाइयों को भंग किए जाने पर योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एक-एक करके कार्यकारिणी भंग करने से बेहतर है कि अखिलेश यादव पूरी प्रदेश और राष्ट्रीय कार्यकारिणी भंग कर खुद भी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दें।

ओम प्रकाश राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के संगठन में लुटेरे, गुंडे और माफिया भरे हुए हैं। चुनाव नजदीक आते ही पार्टी के भीतर आपसी संघर्ष तेज हो गया है। उन्होंने अखिलेश यादव को सलाह दी कि वह खुद अध्यक्ष पद छोड़कर किसी योग्य मुस्लिम युवा नेता को पार्टी की कमान सौंप दें। इससे शायद नाराज मुस्लिम मतदाताओं का दिल भी पिघल जाए।

सोशल मीडिया पोस्ट में अखिलेश पर साधा निशाना

राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि मित्र अखिलेश यादव जी, एक-एक जिला कार्यकारिणी भंग करने से अच्छा है कि देश और प्रदेश की सभी कार्यकारिणी एक साथ भंग कर दें और खुद भी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दें। उन्होंने कन्नौज, एटा, कासगंज और गोरखपुर के बाद हापुड़ की कार्यकारिणी भंग किए जाने का भी जिक्र किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि हापुड़ में गुर्जर जिलाध्यक्ष पसंद नहीं आने पर पूरी जिला कार्यकारिणी को ही भंग कर दिया गया। राजभर ने सपा के संगठन को जिला स्तर पर फैले गुंडों और माफियाओं का सिंडिकेट बताते हुए कहा कि इसे एक-एक करके नहीं, बल्कि एक साथ खत्म कर देना चाहिए।

मुस्लिम नेता को सपा की कमान सौंपने की दी सलाह

ओम प्रकाश राजभर ने अपने पोस्ट में आगे आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही सपा के जिला स्तर के संगठनों में आपसी संघर्ष और खींचतान बढ़ रही है। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के भीतर गुटबाजी और वर्चस्व की लड़ाई चल रही है।

राजभर ने सलाह दी कि अखिलेश यादव को खुद अध्यक्ष पद से हटकर किसी योग्य मुस्लिम युवा नेता को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना देना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा करने से शायद सपा से नाराज मुस्लिम मतदाताओं का समर्थन दोबारा हासिल करने में मदद मिल जाए।

सपा ने हापुड़ की कार्यकारिणी समेत कई इकाइयां कीं भंग

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी ने हापुड़ की जिला कार्यकारिणी और फ्रंटल संगठनों के साथ-साथ पार्टी की राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। इस फैसले को पार्टी के भीतर चल रही संगठनात्मक खींचतान से जोड़कर देखा जा रहा है।

Leave a Reply