‘मां-बाप, बहन-बेटी को…’, खरगे विवाद पर प्रियंका चतुर्वेदी की BJP-कांग्रेस को नसीहत
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ‘बाप’ वाली टिप्पणी पर सियासी विवाद गहराता जा रहा है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समर्थक दल लगातार कांग्रेस अध्यक्ष और पार्टी पर निशाना साध रहे हैं. इस बीच उद्धव ठाकरे गुट की सीनियर नेता प्रियंका चतुर्वेदी की भी प्रतिक्रिया आई है. यूबीटी की पूर्व सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने सभी राजनीतिक दलों के नेताओं को नसीहत दी है कि भाषा पर संयम रखें और देश के असल मुद्दों पर बात करें. उल्टे-सीधे बयान देकर मुद्दों से न भटकें.
दरअसल, न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, “राजनीति में सभी की भाषा का स्तर लगातार गिरता जा रहा है. यह दुर्भाग्यपूर्ण है. साथ ही साथ देश में ज्वलंत मुद्दे क्या हैं? देश के मुद्दे महंगाई, भ्रष्टाचार, वोट चोरी और युवाओं की दिक्कते हैं. इन मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है. यह फिर से ध्यान भटकाने वाला मुद्दा है.”
‘माता-पिता, भाई-बहन का राजनीति से लेना-देना नहीं’
प्रियंका चतुर्वेदी ने सत्तारूढ़ और विपक्षी, दोनों दलों को संबोधित करते हुए कहा, “मैं उम्मीद करती हूं कि सभी राजनीतिक पक्ष अपनी भाषा का ध्यान रखें और संयम में रहकर अपनी बात रखेंगे. मां-बाप, बहन-बेटी, बच्चों को राजनीति में खींचना सरासर गलत है. इनका राजनीति से कोई लेना देना नहीं है. मां-बाप, बहन-बेटी, बच्चों को राजनीति में खींचना सरासर गलत. इनका राजनीति से कोई लेना देना नहीं है.”
मल्लिकार्जुन खरगे ने क्या कहा था?
दरअसल, बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर पटना में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था. रविवार (25 अक्तूबर) को इस कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी शामिल हुए. स्टेज से खरगे ने कहा कि कांग्रेस ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को अंजाम देने वालों को जेल भेजेगी. इस दौरान दर्शकों में से एक व्यक्ति ने खरगे के भाषण में बाधा डाली और चिल्लाकर कहा, “मोदी कहीं नहीं जाएंगे.” खरगे ने मंच से कथित तौर पर जवाब दिया, “मोदी का बाप भी जाएगा, बाप भी जाएगा.” उनके इस बयान के बाद से विवाद खड़ा हो गया है.
