मुरादाबाद : खाद्य सुरक्षा विभाग ने साढ़े पांच कुंतल दूषित पनीर को किया नष्ट
मुरादाबाद: मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग ने साढ़े पांच कुंतल दूषित और बदबूदार पनीर को जेसीबी मशीन की मदद से जमीन में दफन कर नष्ट कर दिया है। यह पनीर अमरोहा गेट पर एक लावारिस मारुति ईको गाड़ी से बरामद किया गया था, जिस पर ‘प्रेस’ लिखा हुआ था।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने इस कार्रवाई को तब अंजाम दिया जब उन्हें मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि दूसरे जनपद से मिलावटी पनीर की बड़ी खेप मुरादाबाद लाई गई है। सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने अमरोहा गेट पर घेराबंदी की।
गाड़ी की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में पनीर लदा मिला। हालांकि, कार्रवाई की भनक लगते ही गाड़ी का ड्राइवर और अन्य जिम्मेदार लोग मौके से फरार हो गए। टीम में शामिल मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंद्र बहादुर यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामकिशोर और राजीव कुमार ने पनीर की जांच की।
अधिकारियों के अनुसार, पनीर पूरी तरह से खराब हो चुका था और उससे बेहद अरुचिकर गंध आ रही थी, जो स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता था। सैंपलिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पूरे 5.50 कुंतल पनीर को नष्ट करने की कार्रवाई शुरू की गई। इसे रीसाइक्लिंग प्लांट ले जाकर जेसीबी के माध्यम से मिट्टी में दबा दिया गया।
सहायक आयुक्त राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि अब वाहन नंबर के आधार पर जांच की जा रही है और इस दूषित पनीर के निर्माण तथा बिक्री में शामिल दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
