मां के निधन पर भावुक हुए सीएम योगी आदित्यनाथ, साझा किया संन्यास के बाद मां से पहली मुलाकात का किस्सा

मां के निधन पर भावुक हुए सीएम योगी आदित्यनाथ, साझा किया संन्यास के बाद मां से पहली मुलाकात का किस्सा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी दिवंगत मां सावित्री देवी को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए मां के निस्वार्थ प्रेम, संस्कारों और जीवन में उनके अतुलनीय महत्व को याद किया। मुख्यमंत्री ने मातृत्व को संसार का सबसे सुंदर भाव बताते हुए कहा कि मां का स्थान कोई दूसरा नहीं ले सकता। उन्होंने अपने संदेश को हर मां के नाम समर्पित करते हुए कहा कि मां के बिना न जीवन की कल्पना की जा सकती है और न ही संसार के अस्तित्व की। मां केवल जन्म देने वाली नहीं, बल्कि पूरी सृष्टि का आधार होती है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय धार्मिक और आध्यात्मिक परंपराओं का उल्लेख करते हुए माता कौशल्या और भगवान श्रीराम के प्रसंग को याद किया। उन्होंने कहा कि माता के आशीर्वाद से ही भगवान श्रीराम ने वनगमन किया था। इसी तरह माता की इच्छा और परिस्थितियों के चलते भगवान श्रीकृष्ण को मथुरा से गोकुल पहुंचाया गया। उन्होंने ध्रुव और प्रह्लाद जैसे महान व्यक्तित्वों के निर्माण में भी माताओं के संस्कारों की अहम भूमिका बताई।

सीएम योगी ने अपने संदेश में लिखा कि मां वह है, जो सबका स्थान ले सकती है, लेकिन मां का स्थान कोई नहीं ले सकता। मां का स्नेह दुनिया का सबसे सुंदर भाव है। उन्होंने कहा कि मां का निधन केवल एक व्यक्ति का दुनिया से चले जाना नहीं होता, बल्कि इसके साथ भावनात्मक सुरक्षा, निस्वार्थ प्रेम और परिवार का सबसे मजबूत संबल भी छिन जाता है।

संन्यास के बाद मां से मुलाकात का भावुक किस्सा किया साझा

मुख्यमंत्री ने अपनी मां को जीवन की पहली गुरु बताते हुए कहा कि उन्होंने ही उन्हें अक्षर ज्ञान कराया और जीवन के शुरुआती संस्कार दिए। इस दौरान उन्होंने संन्यास लेने के तीन साल से अधिक समय बाद अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचने की एक भावुक घटना भी साझा की।

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि जब वह गोरखपुर से अपने गांव पंचूर पहुंचे और भगवा वस्त्र धारण कर घर की देहरी पर पहुंचे, तो उनका मन भावनाओं से भर गया। संन्यास परंपरा के महत्वपूर्ण अनुष्ठान के तहत उन्होंने भिक्षा के लिए आवाज लगाई। आवाज सुनकर उनकी मां बाहर आईं, लेकिन भगवा वस्त्रों में बेटे को देखकर पहले उन्हें विश्वास नहीं हुआ।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, उन्होंने मां से कहा, “मां, मुझे भिक्षा दीजिए।” इस पर मां ने भावुक होकर पूछा, “बेटा, तुमने यह क्या कर लिया? क्या घर में किसी चीज की कमी थी, जो तुम्हें भिक्षा मांगनी पड़ रही है?”

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उन्होंने मां को समझाया कि संन्यास उनका कर्तव्य है और एक योगी की क्षुधा भिक्षा से ही शांत होती है। वह घर में रहने नहीं, बल्कि भिक्षा लेने आए हैं। इसके बाद मां ने बेटे के संन्यासी जीवन के संकल्प को स्वीकार करते हुए उसका सम्मान किया।

माताओं के सम्मान को बताया सनातन संस्कृति का आधार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में मातृशक्ति के सम्मान को सनातन संस्कृति का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि जीवन में कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जिन्हें कभी चुकाया नहीं जा सकता, लेकिन अपने कर्तव्यों का निर्वहन करके उनके प्रति सम्मान जरूर व्यक्त किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में आने के बाद वह प्रदेश की माताओं और महिलाओं के प्रति अपने दायित्वों को निभाने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे उन माताओं का सहारा बनें, जिनका कोई नहीं है। वंचित और बेसहारा माताओं के दर्द को समझें तथा उनके जीवन में खुशियां लाने का प्रयास करें।

उन्होंने कहा कि हर मां के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि समाज जरूरतमंद और पीड़ित माताओं के साथ खड़ा हो और उन्हें सम्मान व सहारा दे।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद मुख्यमंत्री ने भावुक संदेश के जरिए मां के प्रति अपनी श्रद्धा और जीवन में उनके योगदान को याद किया।

Leave a Reply