सपा के PDA पर जसवंत सैनी का सियासी वार, बोले- ‘पराया धन अपना है PDA’

सपा के PDA पर जसवंत सैनी का सियासी वार, बोले- ‘पराया धन अपना है PDA’
राज्यमंत्री जसवंत सैनी

औद्योगिक एवं संसदीय कार्य राज्यमंत्री ने सपा पर साधा निशाना, कहा- जनता नहीं चाहती अराजकता का दौर

देवबंद। औद्योगिक एवं संसदीय कार्य राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने समाजवादी पार्टी के PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) को लेकर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि सपा का PDA ‘पराया धन अपना’ है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता अब विकास और सुशासन के साथ है तथा प्रदेश में दोबारा अराजकता का दौर नहीं चाहती।

सोमवार को राज्यमंत्री जसवंत सैनी कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष चौधरी राजपाल सिंह के आवास पर पहुंचे। यहां भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका बुके भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की।

जसवंत सैनी ने सपा सरकार के वर्ष 2012 से 2017 के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उस दौरान प्रदेश में कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, दंगे और गुंडागर्दी जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता उस दौर को भूली नहीं है। इसके विपरीत भाजपा सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ विकास कार्यों को प्राथमिकता दी है।

राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है और जनता का विश्वास भाजपा के प्रति लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार के विकास कार्य, बेहतर कानून-व्यवस्था और जनता का भरोसा भाजपा की जीत का प्रमुख आधार बनेंगे।

इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय होने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष संदीप शर्मा, चौधरी चरण सिंह, मोहित, रविंद्र चौधरी, राजेंद्र, सुरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।