‘प्राचीन काल में योगी केवल गुफाओं तक सीमित नहीं थे….’, बागपत में बोले CM योगी आदित्यनाथ

‘प्राचीन काल में योगी केवल गुफाओं तक सीमित नहीं थे….’, बागपत में बोले CM योगी आदित्यनाथ

बागपत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा बयान दिया हैं, सीएम योगी ने कहा कि बागपत का इतिहास महाभारत काल से जुड़ा हुआ है. भगवान श्रीकृष्ण ने कौरवों से जो पाँच गाँव मांगे थे, बागपत भी उनमें से एक माना जाता है. यह धरती किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह की कर्मभूमि रही है और इस भूमि ने देश को कई महान शख्सियतें दी हैं.

सीएम ने कहा कि लोग कहते हैं कि जाट केवल खेती तक सीमित हैं, लेकिन मैं कहता हूं कि जाट पढ़-लिखकर मुंबई का पुलिस कमिश्नर भी बन सकता है. बागपत की धरती के ही रहने वाले सत्यपाल सिंह मुंबई पुलिस कमिश्नर बने और उन्होंने पूरे देश को कानून का पाठ पढ़ाया.

सीएम योगी ने कहा कि आज इसी धरती से निकले जयंत चौधरी के नेतृत्व में राष्ट्रीय लोकदल और केंद्र सरकार मिलकर देश और प्रदेश के विकास का कार्य कर रहे हैं. विदेशी आक्रांताओं के खिलाफ गुरु गोरखनाथ ने धर्म की अलख जगाई. योगियों ने गुलामी के कालखंड में आक्रांताओं के खिलाफ रणनीति बनाई और समाज को एकजुट किया, प्राचीन काल में योगी केवल गुफाओं तक सीमित नहीं थे. धर्म और संस्कृति पर हमला होगा तो योगी शांत नहीं बैठेगा, बल्कि उसका मुकाबला करेगा और मुंहतोड़ जवाब देगा. संतों और योगियों ने लगातार समाज में जागरूकता जगाई और आक्रांताओं के खिलाफ संघर्ष किया, जो संकट में समाज के साथ खड़ा हो, वही सच्चा संत है.

हमारे पूर्वजों ने हमें “राम-राम” कहना सिखाया- सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी विश्वनाथ मंदिर और राम मंदिर के लिए संघर्ष को हमने कभी भुलाया नहीं. डबल इंजन की सरकार आने पर अयोध्या में भव्य राम मंदिर बना और कोई उसे रोक नहीं पाया. हमारे पूर्वजों ने हमें “राम-राम” कहना सिखाया, ताकि हर पल प्रभु का स्मरण बना रहे. अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में ऑपरेशन शक्ति के अंतर्गत भारत ने परमाणु परीक्षण किए थे.

सनातन धर्म ने कभी किसी को जबरन गुलाम नहीं बनाया- सीएम योगी

सीएम योगी ने कहा कि इतिहास गवाह है कि सनातन धर्म ने कभी किसी को जबरन गुलाम नहीं बनाया. भारत ने कभी किसी की भूमि पर कब्जा करने की नीति नहीं अपनाई, लेकिन विदेशी आक्रांताओं से लगातार संघर्ष जरूर किया. जिन आक्रांताओं ने सनातन आस्था के प्रतीक मंदिरों, मठों और तीर्थ स्थलों को खंडित किया था, आज वे सभी तीर्थ स्थल पुनर्जीवित हो चुके हैं, जबकि आक्रांताओं का नामोनिशान मिट्टी में मिल गया, यही सनातन की ताकत है.

Leave a Reply