कांग्रेस ने मांग ली अब्दुल्ला आजम की भी सीट, रायबरेली और अमेठी पर भी फंसेगा पेच; आज डिमांड पर जवाब देगी सपा

कांग्रेस ने मांग ली अब्दुल्ला आजम की भी सीट, रायबरेली और अमेठी पर भी फंसेगा पेच; आज डिमांड पर जवाब देगी सपा
अखिलेश यादव और राहुल गांधी

लखनऊ: अगले साल होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग पर चर्चा तेज हो गई है. कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के सामने 130 सीटों की मांग रखी है, जिस पर आज यानी 24 नवंबर को सपा की ओर से आधिकारिक जवाब दिया जा सकता है. सूत्रों के मुताबिक, इस मुद्दे पर होने वाली अहम बैठक में अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद भी शामिल होंगे.

सीट शेयरिंग पर फंस सकता है पेंच

कांग्रेस की ओर से मांगी गई 130 सीटों में 36 ऐसी विधानसभा सीटें शामिल हैं, जहां पार्टी के सांसद 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल कर चुके हैं. हालांकि सीट बंटवारे को लेकर सबसे बड़ा पेच रायबरेली और अमेठी में फंस सकता है. कांग्रेस चाहती है कि इन दोनों लोकसभा क्षेत्रों की सभी विधानसभा सीटों पर उसके उम्मीदवार चुनाव लड़ें. वहीं समाजवादी पार्टी के लिए इन क्षेत्रों में पूरी तरह पीछे हटना आसान नहीं माना जा रहा है.

सपा के गढ़ में भी कांग्रेस ने ठोका दावा

कांग्रेस ने कुछ ऐसी सीटों पर भी दावा ठोका है जिन्हें समाजवादी पार्टी का पारंपरिक गढ़ माना जाता है. रायबरेली के 6 में से तीन सीटों पर सपा के विधायक है. कांग्रेस ने रायबरेली के साथ-साथ अमेठी लोकसभा की सभी सीटों पर दावा ठोका है. सपा रायबरेली में अपनी जीती हुई तीन सीट कांग्रेस को देगी, इस पर बड़ा सवाल है. दूसरी ओर कांग्रेस ने रामपुर की स्वार सीट पर भी दावा ठोका है. जो आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम की सीट है. अभी मुकदमों के कारण आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम के चुनाव लड़ने पर रोक है. लेकिन आजम खान जरूर चाहेंगे कि उनके प्रभाव वाले इलाके में उनके पंसद का उम्मीदवार मैदान में उतरे.

पहले दौर की बातचीत में क्या हुआ?

सपा और कांग्रेस ने सोमवार को दिल्ली में हुई पहले दौर की बैठक के बाद अगले दो से चार दिनों में सीटों के बंटवारे पर सहमति बनने की उम्मीद जताई है. कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई बैठक में दोनों दलों के बीच पहले दौर की बातचीत महज 20 मिनट चली. सूत्रों ने बताया कि बैठक में दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया. कांग्रेस नेताओं ने इसे सकारात्मक सोच और आपसी सहमति की भावना का परिणाम बताया.

Leave a Reply