गुरु नानक देव जी का प्रकाशोत्सव आज, देवबंद में सजेगा भव्य कीर्तन दरबार

देवबंद। सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु साहिब श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाशोत्सव मंगलवार, 24 नवंबर को देवबंद में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में भव्य कीर्तन दरबार सजेगा और गुरु का अटूट लंगर बरताया जाएगा। प्रकाश पर्व को लेकर गुरुद्वारा साहिब में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुद्वारे की इमारत को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जिससे पूरा परिसर आकर्षक नजर आ रहा है।

सोमवार को गुरुद्वारा साहिब में दिनभर साफ-सफाई और अन्य तैयारियां चलती रहीं। सेवादारों ने गुरुद्वारा परिसर, दरबार हॉल और लंगर हॉल की सफाई की, जबकि महिलाएं लंगर की तैयारियों में जुटी रहीं। प्रकाशोत्सव को लेकर संगत में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।

अखंड पाठ साहिब की समाप्ति के बाद सजेगा कीर्तन दरबार

गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष सेठ कुलदीप कुमार ने बताया कि 24 नवंबर को श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति के बाद भव्य कीर्तन दरबार सजाया जाएगा। इसमें रागी जत्था गुरु नानक देव जी की महिमा का गुणगान करेगा। इसके बाद गुरु का अटूट लंगर बरताया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रकाशोत्सव पर सुबह से ही गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो जाएगा। दूर-दराज से आने वाली संगत श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष माथा टेककर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त करेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लंगर, पेयजल, बैठने और पार्किंग की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

मानवता और भाईचारे का संदेश देती हैं गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं

गुरु नानक देव जी ने समाज को नाम जपो, किरत करो और वंड छको का संदेश दिया था। उन्होंने जात-पात, ऊंच-नीच और भेदभाव का विरोध करते हुए मानवता, प्रेम, समानता और भाईचारे की राह दिखाई। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकजुट करने और सद्भाव के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देती हैं।

प्रकाशोत्सव पर देवबंद की गंगा-जमुनी तहजीब की झलक भी देखने को मिलेगी। इस धार्मिक आयोजन में सिख समाज के साथ हिंदू, मुस्लिम और अन्य धर्मों के लोग भी शामिल होकर गुरु घर में माथा टेकेंगे और लंगर ग्रहण करेंगे।

गुरुद्वारा कमेटी अध्यक्ष सेठ कुलदीप कुमार ने सभी श्रद्धालुओं से प्रकाशोत्सव में शामिल होकर गुरु नानक देव जी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

Leave a Reply