सहारनपुर मंडल में कोराना वायरस पॉजीटिव मिलने से मचा हडक़म्प, मंडलायुक्त ने की सावधानी बरतने की अपील

सहारनपुर मंडल में कोराना वायरस पॉजीटिव मिलने से मचा हडक़म्प, मंडलायुक्त ने की सावधानी बरतने की अपील
सहारनपुर में सडक़ों पर पसरा सन्नाटा व ड्यूटी देते पुलिसकर्मी।

सहारनपुर। सहारनपुर मंडल के जनपद शामली के कस्बा कैराना में कोरोना वायरस का रोगी मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हडक़म्प मच गया। उधर शासन के आदेश पर जनपद में लॉकडाउन की अवधि बढ़ाकर 27 मार्च कर दी गई। जबकि मंडलायुक्त संजय कुमार व डीआईजी उपेंद्र कुमार अग्रवाल कैराना के लिए रवाना हो गए। उधर आज लॉकडाउन के दौरान सडक़ पर बिना वजह घूमने वाले लोगों पर पुलिस ने सख्ती दिखाई जिस कारण आज महानगर के सभी मार्गों पर सन्नाटा छाया रहा।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर विगत मार्च को जनपद में जनता कफ्र्यू लागू किया गया था जिसे बाद में शासन द्वारा 25 मार्च तक बढ़ा दिया गया था। अब इस लॉकडाउन को शासन ने 27 मार्च तक बढ़ा दिया है। लॉकडाउन के बीच सहारनपुर मंडल के जनपद शामली के कैराना में कोरोना की दस्तक होने के बाद से स्वास्थ्य विभाग में हडक़म्प मच गया है। बताया जाता है कि विगत 15 मार्च को दुबई से लौटे कैराना के युवक की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है।

बताया जाता है कि जिस युवक की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है उसकी उम्र 33 साल है। अब सवाल यह है कि 15 मार्च से लेकर अब तक युवक किन-किन लोगों के सम्पर्क में आया। इस बात को लेकर जिला प्रशासन को चिंता सता रही है। बताया जाता है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना पॉजीटिव व्यक्ति को उपचार के लिए भर्ती करने के बाद ही उनके परिजनों के साथ-साथ उसके सम्पर्क में आए लोगों की जांच भी की जा रही है।

सहारनपुर में लॉकडाउन के दौरान बाइक सवारों से पूछताछ करता पुलिसकर्मी।

शामली के कैराना में कोरोना पॉजीटिव मिलने पर मंडलायुक्त संजय कुमार ने चिंता जताते हुए कहा कि सहारनपुर मंडल के लोगों के लिए अब यह चुनौती का समय है। सीएमओ की अगुवाई में अलग से एक टीम बनाई गई है जो पीडि़त व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार के सदस्यों की निगरानी कर रही है। कोरोना वायरस मामले की पुष्टि होने के बाद मंडलायुक्त संजय कुमार व डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल कैराना के लिए रवाना हो गए।

उधर आज लॉकडाउन के दूसरे दिन पुलिस प्रशासन द्वारा सख्ती बरती गई जिसके चलते आज महानगर की सडक़ों पर पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। आज पुलिसकर्मियों ने सडक़ पर बेवजह घूमने वाले युवकों को लाठियां फटकारकर खदेड़ा। वहीं कई स्थानों पर पुलिसकर्मी युवकों को दौड़ाते नजर आए।