AI मंथन 2.0 में न्यूराकार्डिया ने दिखाया AI आधारित स्वास्थ्य नवाचार

AI मंथन 2.0 में न्यूराकार्डिया ने दिखाया AI आधारित स्वास्थ्य नवाचार
सहारनपुर में कानपुर में आयोजित कार्यक्रम में सहारनपुर का प्रतिनिधित्व करते मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि।

सहारनपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में आयोजित AI मंथन 2.0 में मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर की प्रभावी सहभागिता रही। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय के अंबिका इनक्यूबेटर के अंतर्गत संचालित स्टार्टअप न्यूराकार्डिया ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित स्वास्थ्य तकनीक से जुड़े अपने नवाचार का प्रदर्शन किया।

न्यूराकार्डिया की टीम ने कार्यक्रम में अपने तकनीकी समाधान की जानकारी दी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने स्टार्टअप के नवाचार में विशेष रुचि लेते हुए इसकी परीक्षण प्रक्रिया और आंकड़ों के संबंध में जानकारी हासिल की। उन्होंने पूछा कि उपकरण और आंकड़ों का परीक्षण किस प्रकार किया जा रहा है।

इस पर टीम ने बताया कि वर्तमान चरण में उपकरण को कृत्रिम रूप से तैयार किए गए आंकड़ों के माध्यम से प्रशिक्षित और परीक्षण किया गया है। टीम ने यह भी जानकारी दी कि इसी शोध के आधार पर एक शोध-पत्र IEEE में प्रकाशित हो चुका है।

स्टार्टअप की कार्यप्रणाली और शोध आधारित दृष्टिकोण की जानकारी लेने के बाद राज्यपाल ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए ‘ग्रेट’ कहा और उन्हें निरंतर इसी दिशा में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। राज्यपाल की ओर से मिले इस प्रोत्साहन को विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना गया।

विश्वविद्यालय के स्टार्टअप इकोसिस्टम को मिली नई ऊर्जा

AI मंथन 2.0 में न्यूराकार्डिया की सहभागिता ने मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय के उभरते नवाचार और स्टार्टअप इकोसिस्टम को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया। विशेष रूप से कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्वास्थ्य तकनीक, अनुसंधान और कृत्रिम आंकड़ों पर आधारित परीक्षण के क्षेत्र में स्टार्टअप के कार्य को प्रमुखता मिली।

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. विमला वाई. के मार्गदर्शन एवं सहयोग से नवाचार, अनुसंधान, उद्यमिता और स्टार्टअप संस्कृति को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और नवप्रवर्तकों के विचारों को तकनीक आधारित स्टार्टअप एवं उपयोगी समाधानों में बदलने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव कमल कृष्ण, परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजीव कुमार, वित्त अधिकारी सूरज कुमार, प्रो. ओमकार सिंह, प्रो. जयवेंद्र तोमर, डॉ. पूजा कौशिक, डॉ. मितिका चौहान, घनेंद्र गहलोत, गोविंद और अनुज ने सहभागिता की।

AI मंथन 2.0 में न्यूराकार्डिया की प्रस्तुति और राज्यपाल के साथ हुआ संवाद विश्वविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सामने आया। विश्वविद्यालय ने भविष्य में भी विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को नवाचार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply