बच्चों के विवाद में खूनी संघर्ष, महिला की मौत

बच्चों के विवाद में खूनी संघर्ष, महिला की मौत
सहारनपुर में घटना के बाद थाने में मौजूद पीड़ित।

सहारनपुर। थाना बड़गांव क्षेत्र के ग्राम नयागांव में बच्चों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में लाठी-डंडों और सरियों से हमला किया गया, जिसमें महिला समेत कई लोग घायल हो गए। सिर में गंभीर चोट लगने से 50 वर्षीय महिला अनिता की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

जानकारी के अनुसार अंकुर पुत्र बिनोद और सचिन पुत्र राजबीर के बीच बच्चों को लेकर कहासुनी हुई थी। ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था। आरोप है कि देर रात संदीप और सचिन अपने परिजनों के साथ अंकुर के घर पहुंचे। वहां दोबारा कहासुनी होने के बाद मारपीट शुरू हो गई।

आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और सरियों से परिवार के लोगों पर हमला कर दिया। हमले में अंकुर की मां अनिता, ताऊ रमेश समेत कई लोग घायल हो गए। अनिता के सिर में गंभीर चोट लगने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए सहारनपुर के निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भेजा। शुक्रवार सुबह अनिता के परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण बड़गांव थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा

पुलिस ने अनिता के पति की तहरीर पर राजबीर, उसकी पत्नी मुन्नी, बेटे संदीप, सचिन, अंकित, आशु, विकास और विशाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

थानाध्यक्ष नरेंद्र भड़ाना ने बताया कि बच्चों के विवाद को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। घटना में अनिता को गंभीर चोट आई थी, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply