यूपी में बिजली उपभोक्ताओं के लिए गुड न्यूज, अक्टूबर में मिलेगी बड़ी राहत
उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को अगले महीने यानी कि अक्टूबर में बड़ी राहत मिलने वाली है. बिजली बिल में लगने वाले ईंधन अधिभार शुल्क (FPPCA) में 5.24 फीसदी की कमी की गई है. इसका सीधा असर उपभोक्ताओं के बिजली बिल पर पड़ेगा. विभाग के अफसरों के मुताबिक उपभोक्ताओं को करीब 424 करोड़ रुपये का लाभ मिलेगा.
यूपी पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड इसको लेकर आदेश जारी किया है. आदेश के मुताबिक लगातार चौथे महीने उपभोक्ताओं को ईंधन अधिभार में राहत मिली है. इससे पहले सितंबर में 7.93 फीसदी, अगस्त में 2.92 फीसदी और जुलाई में 4.43 फीसदी की राहत दी गई थी. इस राहत से आम लोगों को काफी फायदा मिलेगा. यूपी उपभोक्ता परिषद ने इसका स्वागत किया है और कहा कि उनका अनुमान सही था.
उपभोक्ता परिषद ने दिया आदेश का स्वागत
उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि परिषद ने पहले ही उपभोक्ताओं को इस बात की जानकारी दे दी थी. अब अक्टूबर महीने में पांच फीसदी से ज्यादा FPPCA राहत मिलने की बात सामने आई है. पावर कॉरपोरेशन के आदेश के बाद यह अनुमान सही साबित हुआ है. उनका कहना है कि ईंधन अधिभार में कमी का सीधा फायदा उपभोक्ताओं के बिजली बिल पर पड़ेगा.
भुगतान को लेकर हुआ था विवाद
दरअसल जून महीने में बिजली उपभोक्ताओं से पुराने भुगतान को भी अधिभार में शामिल करते हुए करीब 10 फीसदी अतिरिक्त वसूली की गई थी. इसके बाद मामला उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग के सामने पहुंचा. आयोग ने पुराने भुगतान को ईंधन अधिभार में शामिल करने पर आपत्ति जताई थी और इसे गलत ठहराते हुए आदेश जारी किया था. इसके बाद FPPCA की गणना में बदलाव हुआ. अब अक्टूबर में 5.24 फीसदी की राहत से उपभोक्ताओं को करीब 424 करोड़ रुपये का फायदा होने का अनुमान है. जिसे आम उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है.
