‘इस Evil को सजा मिलेगी’, त्रिपुरा के युवक से नस्लीय दुर्व्यवहार पर भड़के रिजिजू, दिल्ली के कंटेंट क्रिएटर को लगाई फटकार

‘इस Evil को सजा मिलेगी’, त्रिपुरा के युवक से नस्लीय दुर्व्यवहार पर भड़के रिजिजू, दिल्ली के कंटेंट क्रिएटर को लगाई फटकार

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने दिल्ली के एक कंटेंट क्रिएटर द्वारा त्रिपुरा के एक युवक के साथ कथित तौर पर की गई नस्लीय बदसलूकी की निंदा की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली और त्रिपुरा पुलिस आरोपी को “कड़ा सबक” सिखाएगी। अपने ऑफिशयल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने में कुछ देरी हुई है, लेकिन उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई जरूर की जाएगी।

‘दिल्ली पुलिस और त्रिपुरा पुलिस कड़ा सबक सिखाएंगी’

रिजिजू ने लिखा, “इस दुष्ट व्यक्ति को सजा मिलेगी। आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने में कुछ देरी हुई, लेकिन दिल्ली पुलिस और त्रिपुरा पुलिस उसे कड़ा सबक सिखाएंगी।” मंत्री ने आगे लिखा है, “समाज में जो लोग इस तरह के बुरे बर्ताव को बर्दाश्त करते हैं, वे भी नफरत फैलाने के लिए जिम्मेदार हैं।”

बता दें कि केंद्रीय मंत्री रिजिजू की यह टिप्पणी तब आई, जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। इस वीडियो में कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन त्रिपुरा के एक युवक के खिलाफ नस्लीय और अपमानजनक टिप्पणी करते हुए दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सामने आने के बाद इस घटना की पूरे नॉर्थ ईस्ट में कड़ी निंदा हो रही है।

त्रिपुरा के CM ने क्या निर्देश दिया?

इस विवाद के चलते त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने राज्य के डीजीपी को दिल्ली पुलिस के साथ कॉर्डिनेट करने का निर्देश दिया है। वहीं, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने इस कंटेंट क्रिएटर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, त्रिपुरा पुलिस में आमिर शैकीन के खिलाफ एक शिकायत भी दर्ज कराई गई है, जिसमें उस पर नस्लीय उत्पीड़न, साइबर बुलिंग और राज्य के मूल समुदायों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है। यूथ टिपरा फेडरेशन (YTF) ने अगरतला के पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।

विरोध बढ़ता देख मांगी माफी

उधर, बढ़ते विरोध के बाद आमिर शौकीन ने सोशल मीडिया पर वह वीडियो डिलीट कर दिया और माफी मांगते हुए दावा किया कि वह वीडियो ‘स्क्रिप्टेड’ था और उसका किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। उसने त्रिपुरा के लोगों से हाथ जोड़कर माफी मांगी है।

आमिर शौकीन (Amir Shokeen) नाम के शख्स ने ये वीडियो बनाई थी और अब उसकी माफी की वीडियो भी सामने आई है। फिलहाल इसका मोबाइल बंद है। दिल्ली पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

इससे कुछ समय पहले नेशनल TV पर रियलिटी टीवी शो ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ में बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार ने नॉर्थ-ईस्ट इंडियन्स के साथ हो रहे भेदभाव पर बात की थी। उन्होंने अपने मेकअप आर्टिस्ट का भी उदाहरण पेश किया और साफ शब्दों में कहा- वो उतने ही भारतीय हैं जितने कि हम हैं।

Leave a Reply