BJP के गढ़ काशी में अखिलेश की हुंकार, इन समीकरणों पर सपा का फोकस
बीते एक दशक से वाराणसी को भारतीय जनता पार्टी का अभेद किला माना जाता है. लेकिन इस बार समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव बीजेपी को सीधी चुनौती इसी काशी से देने जा रहे हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि सपा प्रमुख अपने चुनावी रैली की शुरुआत 31 अक्टूबर को काशी से ही करने जा रहे हैं. एबीपी लाइव को मिली जानकारी के अनुसार वाराणसी जनपद के अकेलवां में अखिलेश यादव सरदार पटेल की जयंती पर एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे.
31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती पर वाराणसी जनपद के अकेलवां से समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव अपने चुनावी रैली की शुरुआत करेंगे. सियासी जानकार मानते हैं कि वाराणसी जनपद के पांच विधानसभा सीट पर सीधे तौर पर पटेल वोटर का जबरदस्त प्रभाव है और बीते 2024 लोकसभा चुनाव में बीजेपी से पटेल वोटर की दूरी भी देखी गई है, जिसकी भरपाई करने में भाजपा भी कोई कसर बाकी नहीं रख रही.
वाराणसी से चुनाव प्रचार का आगाज करेंगे अखिलेश
सरदार पटेल की जयंती पर अगर सपा प्रमुख अखिलेश यादव इस क्षेत्र से जनसभा करते हैं तो यह न सिर्फ रोहनिया सेवापुरी विधानसभा को प्रभावित करेगा बल्कि वाराणसी के पांच विधानसभा के एक लाख से अधिक पटेल वोटर तक संदेश जा सकता है. इस पूरे कार्यक्रम की जिम्मेदारी पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल को दी गई है. सुरेंद्र पटेल ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि पटेल समाज के किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं. इस बार इस समाज ने ठाना है कि सरकार को उखाड़ फेंकना है और इसकी शुरुआत यूपी चुनाव से होगी.
पूर्वांचल को भी साधने की कोशिश
लखनऊ का रास्ता पूर्वांचल से गुजरता है और पूर्वांचल का केंद्र वाराणसी जनपद है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव 31 अक्टूबर को वाराणसी में जनसभा कर अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे. इससे पहले दशहरे के दिन उन्होंने दो प्रचार रथ भी यूपी के अलग-अलग क्षेत्र के लिए रवाना कर दिया.
सियासत के दृष्टिकोण से वाराणसी जनपद बहुत बड़ा अखाड़ा माना जाता है और यहां की हुंकार पूर्वांचल तक गूंजती है. ऐसे में सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी वाराणसी जनपद से पूर्वांचल को साधने का कोई मौका नहीं छोड़ेंगे. इस आयोजन को लेकर समाजवादी पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी ने भी तैयारी शुरू कर दी है. विशेष तौर पर ग्रामीण क्षेत्र सेवापुरी रोहनिया पिंडरा शिवपुर क्षेत्र में लोगों से संपर्क कर इस जनसभा से जुड़ने के लिए कहा जा रहा है.
