‘पाक जेल में पांच साल…’ जेवर हवाई अड्डा का नाम बदलने पर बोली ओवैसी की पार्टी

‘पाक जेल में पांच साल…’ जेवर हवाई अड्डा का नाम बदलने पर बोली ओवैसी की पार्टी

उत्तर प्रदेश सरकार ने गौतमबुद्धनगर स्थित जेवर हवाई अड्डे का नाम बदलने का ऐलान किया है. 9 अक्टूबर, शुक्रवार को यूपी कैबिनेट की बैठक में इस संदर्भ में प्रस्ताव पारित हुआ. इस प्रस्ताव के बारे में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हवाई अड्डे का नाम अब-नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा.

योगी सरकार के इस फैसले पर असदुद्दीन ओवैसी की अगुवाई वाली ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने प्रतिक्रिया दी है. पार्टी के प्रवक्ता शादाब चौहान ने कहा कि यह सरकार का फैसला है और यह उनको मुबारक.

चौहान ने कहा कि यह सरकार का अपना फैसला है. जिसका चाहे उसका नाम रख ले. किसान नायकों, स्वतंत्रता सेनानियों को भूल कर सिर्फ हर जगह अपने विचार और नाम लगाने का फॉर्मूला सामने आ रहा है.

अपनी ब्रांडिंग कर रही सरकार- चौहान

उन्होंने ने कहा कि बेहतर होता कि पाकिस्तान की जेल में पांच साल काटने वाले सैनिक के नाम पर, किसान नायकों, स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर होता तो अच्छा होता.

AIMIM प्रवक्ता ने सरकार पर अपनी ब्रांडिंग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जहां हवाई अड्डा बना है वह किसानों का क्षेत्र है, अगर किसी किसान नायक के नाम पर हवाई अड्डे का नाम होता तो अच्छा होता.

यह फैसला दिखाता है कि सरकार के मन में किसान नायकों, स्वतंत्रता सेनानियों के लिए क्या है. यह केवल अपने प्रचार प्रसार और ब्रांडिंग तक सीमित है.

सीएम योगी ने जेवर एयरपोर्ट पर क्या कहा?

कैबिनेट में पारित हुए प्रस्ताव की जानकारी देते हुए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद् राज्य को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) का तोहफा देने के लिए प्रधानमंत्री की आभारी है. यह उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट और भविष्य में देश का सबसे बड़ा एविएशन हब बनने जा रहा है. इसी के चलते, मंत्रिपरिषद् ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलकर ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नोएडा-जेवर’ करने का प्रस्ताव भी पास किया है.

Leave a Reply