‘पहले जनता का बोझ उठाने की बात करते हैं और चुनाव खत्म होते ही…’, PM मोदी की अपील पर नाराज संजय सिंह
पश्चिम एशिया संकट और बढ़ती महंगाई को लेकर सियासत तेज हो गई है. आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अब देशवासियों से देशभक्ति के नाम पर महंगाई का बोझ उठाने को कहा जा रहा है.
आप नेता संजय सिंह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक ट्वीट करते हुए कहा कि चुनाव तक प्रधानमंत्री जनता का बोझ उठाने की बात करते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही आम लोगों को खुद लाइन में लगने के लिए छोड़ दिया जाता है.
संजय सिंह ने सरकार पर दोहरा रवैया अपनाने का लगाया आरोप
आप नेता संजय सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि अब गैस महंगी हो चुकी है और आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल की कीमतें भी बढ़ सकती हैं. ऐसे में लोगों से कहा जा रहा है कि देशभक्ति दिखाने के लिए पेट्रोल, डीजल और गैस का कम इस्तेमाल करें. सोना न खरीदें और खाने के तेल तक की खपत घटा दें. संजय सिंह ने सरकार पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि एक तरफ आम जनता को बचत और त्याग की सीख दी जा रही है, वहीं दूसरी तरफ बड़े राजनीतिक कार्यक्रमों, रैलियों और विदेश यात्राओं में भारी मात्रा में ईंधन खर्च किया जाता है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार से सवाल पूछने वालों को देशभक्ति के नाम पर चुप कराने की कोशिश की जाती है.
सार्वजनिक वाहनों का इस्तेमाल करें लोग- पीएम
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (10 मई) को सिकंदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान लोगों से अपील की थी कि वे खाने के तेल का कम इस्तेमाल करें. इसके अलावा कहा कि सार्वजनिक परिवहन अपनाएं और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दें. प्रधानमंत्री ने इसे वैश्विक संकट के बीच ‘आर्थिक आत्मरक्षा’ का तरीका बताया था.
