धूमधाम से मनाई गई डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती, किया बाबा साहब के बताए रास्ते पर चलने का आह्वान

धूमधाम से मनाई गई डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती, किया बाबा साहब के बताए रास्ते पर चलने का आह्वान
  • सहारनपुर में अम्बेडकर जयंती मनाते विभिन्न संगठनों  के पदाधिकारी।

सहारनपुर। जनपद में विभिन्न सामाजिक संगठनों के तत्वावधान में संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर का 135वां जन्मदिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान वक्ताओं ने बाबा साहब के बताए रास्ते पर चलने का आह्वान किया। महानगर के आईटीसी रोड स्थित सर्वोदय विहार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ डॉ. भीमराव अम्बेडकर चित्र पर पुष्प अर्पित एवं नमन करके किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. संदीप कुमार ने बाबा साहब के संघर्षपूर्ण जीवन और उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए सभी से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डा. अम्बेडकर ने हमें संविधान में समानता का अधिकार दिया तथा दबे-कुचले लोगों को सिर उठाकर जीने का अधिकार दिया। जिला पंचायत सदस्य ममता चैधरी ने कहा कि बाबा साहब ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए उन्हें विशेष अधिकार और सम्मान दिलाया, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणा है। इस मौके पर भागमल, चंद्रभान, ओमपाल सिंह, चंद्रपाल सिंह और बलराम सिंह ने केक काटकर जयंती की खुशियां मनाईं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सुरेंद्र पाल सिंह, ओमपाल सिंह, रणजीत सिंह, रमेश चंद, हरपाल सिंह और नरेश कुमार सहित अनेक लोगों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में शांति मौर्य, ममता, मीनू, उर्मिला, दामोदर, अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। दिल्ली रोड स्थित हसनपुर चुंगी के अंबेडकर गेट पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कॉलोनीवासियों ने बाबा साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओमपाल मोगरा ने बाबा साहब के संघर्षपूर्ण जीवन, सामाजिक न्याय के लिए उनके प्रयासों और ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने उपस्थित लोगों से बाबा साहब के आदर्शों को अपनाकर समाज में समानता और भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया। अन्य वक्ताओं ने भी संयुक्त रूप से कहा कि बाबा साहब ने सदैव दबे-कुचले और वंचित वर्गों के अधिकारों एवं सम्मान के लिए संघर्ष किया, जिसके कारण वे आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं। कार्यक्रम में कृष्ण कुमार, अशोक कुमार, भोपाल सिंह, अमर सिंह, अमित कुमार, कुलतार सिंह, परमाल सिंह, सूरज, सुदेश, रॉकी सिंह, पदमा देवी, शीला, सीलो सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।


Leave a Reply