हरियाणा चुनाव नतीजों पर कांग्रेस करेगी चुनाव आयोग में शिकायत, मांगा समय

हरियाणा चुनाव नतीजों पर कांग्रेस करेगी चुनाव आयोग में शिकायत, मांगा समय

नई दिल्ली: हरियाणा विधानसभा चुनाव के अप्रत्याशित नतीजों के बाद कांग्रेस में खलबली मच गई है। जहां कांग्रेस को जीत की उम्मीद थी, वहां हार का सामना करना पड़ा। अब कांग्रेस ने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया है। जानकारी के मुताबिक, पार्टी के नेताओं ने चुनाव आयोग से मिलने का समय मांगा है। जैसे ही समय मिलेगा, कांग्रेस नेता आयोग के समक्ष अपनी शिकायत पेश करेंगे।

राहुल गांधी ने भी बताया नतीजे अप्रत्याशित

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भी हरियाणा के नतीजों को अप्रत्याशित करार दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “हम हरियाणा के अप्रत्याशित नतीजे का विश्लेषण कर रहे हैं। कई विधानसभा क्षेत्रों से आ रही शिकायतों से चुनाव आयोग को अवगत कराएंगे। सभी हरियाणा वासियों और हमारे बब्बर शेर कार्यकर्ताओं को उनके समर्थन और अथक परिश्रम के लिए दिल से धन्यवाद।”

कांग्रेस को 37 सीटों पर संतोष

राहुल गांधी की इस पोस्ट के बाद कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग से मुलाकात का समय मांगा है। जैसे ही आयोग की ओर से समय मिलेगा, पार्टी नेता हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर शिकायत दर्ज कराएंगे। चुनाव परिणामों में भाजपा ने 90 में से 48 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस को 37 सीटों पर संतोष करना पड़ा।

चुनावी हार ने चौंकाया कांग्रेस

हरियाणा में कांग्रेस की हार उसके रणनीतिकारों के लिए चौंकाने वाली रही है। मतगणना से पहले ज्यादातर अनुमानों में कांग्रेस की जीत का दावा किया जा रहा था। कांग्रेस की रणनीतिक टीम यह मानकर चल रही थी कि हरियाणा में जीत से पार्टी की स्थिति महाराष्ट्र और झारखंड के चुनावों में भी मजबूत होगी। हालांकि, पार्टी का कहना है कि हर चुनाव के नतीजे को दूसरे चुनाव से जोड़कर नहीं देखा जा सकता, लेकिन हरियाणा की हार से कांग्रेस की भविष्य की योजनाओं पर असर पड़ सकता है।


विडियों समाचार