भूमाफिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी देहात से मिला भाकियू रक्षक प्रतिनिधिमंडल

भूमाफिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी देहात से मिला भाकियू रक्षक प्रतिनिधिमंडल
सहारनपुर में एसपी देहात से मिलने जाता भाकियू रक्षक का प्रतिनिधिमंडल।

छुटमलपुर में प्लॉट के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप, पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग

सहारनपुर। भारतीय किसान यूनियन रक्षक का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रोड के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने छुटमलपुर में जमीन और प्लॉट बेचने के नाम पर गरीब लोगों से कथित धोखाधड़ी करने के मामले में कार्रवाई की मांग की।

जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रोड ने आरोप लगाया कि छुटमलपुर में सहारनपुर निवासी मूसा नामक व्यक्ति ने कॉलोनी काटकर लोगों को प्लॉट आवंटित किए। आरोप है कि गरीब लोगों को प्लॉट बेचने के नाम पर कथित रूप से एक ही प्लॉट के डबल बैनामे कर धोखाधड़ी की गई और लोगों से करोड़ों रुपये की रकम ली गई।

उन्होंने बताया कि कथित फर्जीवाड़े का शिकार हुए कुछ लोगों ने मामले में कार्रवाई नहीं होने पर भारतीय किसान यूनियन रक्षक से संपर्क किया। इसके बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी देहात से मुलाकात कर पूरे मामले की जांच कराने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ितों की रकम वापस दिलाने तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी मांग रखी। एसपी देहात मयंक पाठक ने प्रतिनिधिमंडल को मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस दौरान डॉ. सुरेंद्र बतान, मंडल अध्यक्ष रजत चौधरी, जिला सचिव अफजाल, अहतेशाम, राहुल फौजी, रिजवान, डॉ. राजेंद्र कुमार, संदीप और अमित चौधरी समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply